नैनी सेंट्रल जेल में भ्रष्टाचार व अवैध वसूली के खिलाफ आंदोलन

जेल प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद अनशन नहीं तोड़ा

ALLAHABAD: नैनी सेंट्रल जेल में भ्रष्टाचार, अफसरों के बर्ताव और अवैध वसूली की शिकायत को लेकर शूट आउट का एक आरोपी वीरेन्द्र यादव उर्फ ठोकिया अनशन पर बैठ गया है। बताया जा रहा है कि वह तीन दिन से अनशन पर है। बुधवार को उसकी हालत अचानक बिगड़ने के बाद जेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि अधिकारियों की लाख कोशिश के बावजूद उसने अनशन नहीं तोड़ा है। मामले में जेल प्रशासन से बात की गई तो वहां से खबर को बेबुनियाद बताया गया।

पुराने कैदियों ने पीटा

जून माह 2016 में नैनी जेल में शूट आउट के आरोप में झूंसी शेरडीह निवासी वीरेन्द्र यादव उर्फ ठोकिया को लाया गया। उसे सर्किल नम्बर पांच के बैरक में रखा गया है। उसका आरोप है कि जेल में अवैध वसूली के लिए अधिकारियों ने पुराने कैदियों को लगा रखा है। जेल सूत्रों के मुताबिक सोमवार को बंदी ठोकिया ने वसूली का विरोध किया तो पुराने कैदियों ने उसकी पिटाई की। मामले की जानकारी जेल अधीक्षक वीआर वर्मा तक पहुंची तो उन्होंने पीडि़तों को ही खामोश रहने की चेतावनी दी।

शुरू किया अनशन

इसके बाद ठोकिया भूख हड़ताल पर बैठ गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीआर वर्मा व सर्किल नम्बर पांच के इंचार्ज डिफ्टी जेलर आशुतोष मिश्र से फोन पर बात करने का प्रयास किया गया। उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। एडीशनल आईजी लखनऊ रियाज अहमद ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो मामले की जांच कराएंगे।