कानपुर। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने लंबे वक्त बाद सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट अपलोड की है। माही ने गुरुवार को एक मजेदार वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह घर पर गाड़ी की सफाई करते दिख रहे हैं, इस काम में उनकी बेटी जीवा भी मदद कर रही हैं। धोनी पानी और साबुन से गाड़ी की धुलाई कर रहे थे, वहीं बगल में खड़ी नन्हीं जीवा भी हाथ में सफाई का कपड़ा लेकर गाड़ी धो रही हैं। यह वीडियो काफी मजेदार है इसे अब तक 35 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।


जीवा के साथ कर रहे मस्ती
यही नहीं जीवा धोनी के इंस्टाग्राम अकाउंट से भी एक इंट्रेस्टिंग वीडियो सामने आया है। इसमें वह पापा धोनी के साथ मस्ती करती दिख रही है। माही सोफे में बैठे हैं तो जीवा उनके कंधे पर बैठ मस्ती कर रही है। धोनी आंख बंद किए अपनी बेटी को दुलार कर रहे। बता दें धोनी को जब भी समय मिलता है वह अपनी बेटी के साथ पूरा वक्त बिताते हैं।


रांची में आए थे नजर
धोनी को हाल ही में रांची के जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम में देखा गया था। भारत बनाम साउथ अफ्रीका के बीच रांची में खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट में भारत को पारी और 202 रन से जीत मिली। इस जीत के साथ विराट सेना ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से कब्जा कर लिया। आखिरी मुकाबला धोनी के घर रांची में खेला गया, ऐसे में फैंस अपने हीरो एमएस धोनी की एक झलक पाने के लिए काफी बेताब थे। मैच के दौरान तो माही स्टेडियम में नहीं आए मगर मैच खत्म होने के बाद धोनी ने टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में इंट्री जरूर ली।


शास्त्री ने पोस्ट की थी तस्वीर
टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने भी अपने टि्वटर अकाउंट पर माही संग तस्वीर शेयर की। फोटो पोस्ट करते हुए शास्त्री ने लिखा, 'भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के लीजेंड से एक शानदार मुलाकात।' साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्लीन स्वीप करने से कोच रवि शास्त्री अपनी टीम की परफाॅर्मेंस से काफी खुश हैं।

 

 

 

Cricket News inextlive from Cricket News Desk