नई दिल्ली (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के चाहने वाले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद एमएस धोनी देश में दूसरे सबसे प्रशंसीय व्यक्ति हो गए हैं। इस बात का खुलासा एक सर्वे में हुआ है। YouGov द्वारा किए गए एक सर्वे में बताया गया कि धोनी को भारत में पीएम मोदी के साथ सबसे ज्यादा प्रशंसा मिलती है।

कैसे बनाया गया ये सर्वे

इस सर्वे में 41 देशों के 42,000 लोगों ने हिस्सा लिया था जिसके बाद दुनिया के सबसे प्रशंसनीय लोगों की लिस्ट बनाई गई। इसमें पुरुष और महिलाओं की अलग-अलग लिस्ट बनाई गई है। मेंस कैटेगरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2019 में भारत का सबसे प्रशंसनीय पुरुष चुना गया है। वहीं वुमेन कैटेगरी में मैरी काॅम लिस्ट में टाॅप पर हैं।

धोनी हैं दूसरे पायदान पर

सर्वे के मुताबिक, नरेंद्र मोदी को 15.66 परसेंट प्रशंसनीय अंक मिले हैं। जबकि दूसरे नंबर पर एमएस धोनी हैं जिनको 8.58 परसेंट अंक मिले। वहीं इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर 8.02 परसेंट के साथ रतन टाटा हैं। चौथे नंबर पर बराक ओबामा हैं जिनके 7.36 परसेंट अंक हैं जबकि बिल गेट्स के 6.96 परसेंट अंक हैं।

कोहली हैं सातवें नंबर पर

भारतीय कप्तान विराट कोहली इस लिस्ट में सातवें नंबर पर हैं। कोहली को 4.46 परसेंट अंक मिले हैं। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर इस लिस्ट में विराट कोहली से एक पायदान आगे हैं। सचिन को 5.81 परसेंट स्कोर मिले हैं। वहीं वुमेन कैटेगरी में भारतीय महिला बाॅक्सर मैरीकाॅम टाॅप 25 में शामिल होने वाली इकलौती भारतीय हैं।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk