रांची (एएनआई)। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया है। एक अपडेट में, पल्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल ने कहा कि धोनी के माता-पिता का ऑक्सीजन लेवल स्थिर है। अस्पताल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "क्रिकेटर एमएस धोनी के माता-पिता को # COVID19 के सकारात्मक परीक्षण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका ऑक्सीजन का स्तर स्थिर है।"

धोनी बिजी हैं आईपीएल में
धोनी वर्तमान में चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपना मैच खेल रही है। अपने अगले दो मैचों के पूरा होने के बाद, टीम टूर्नामेंट के अगले चरण के लिए दिल्ली चली जाएगी। सीएसके ने अब तक खेले गए तीन मैचों में से दो मैचों में जीत हासिल की है और अब उनका अगला मुकाबला बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

झारखंड में लाॅकडाउन
कोविड ​​-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर, झारखंड सरकार ने मंगलवार को 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक राज्य में लाॅकडाउन की घोषणा की। लॉकडाउन के दौरान, आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन श्रद्धालुओं का जमावड़ा नहीं होने दिया जाएगा। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, लाॅकडाउन के दौरान कृषि, निर्माण, औद्योगिक और खनन गतिविधियों की अनुमति होगी।