कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। माही ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। धोनी ने अपने अफिशल इंस्टाग्राम पोस्ट एक वीडियो पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने अपने क्रिकेट करियर से जुड़ी यादें शेयर की। यही नहीं माही के वीडियो में 'पल दो पल का शायर हूं' वाला गाना भी बज रहा है।

आज रात से मुझे रिटायर समझे
अपनी पोस्ट में माही ने लिखा, 'आप सभी ने इतना प्यार दिया, इसके लिए धन्यवाद। आज रात 7:29 मिनट से आप सभी मुझे रिटायर समझें।' माही ने इंटरनेशनल क्रिकेट को तो छोड़ दिया मगर वो इस साल आईपीएल खेलते रहेंगे। इसके लिए वह चेन्नई में लगे सीएसके के कैंप भी पहुंच गए।

2019 वर्ल्डकप सेमीफाइनल में खेला था आखिरी मैच
धोनी ने पिछले एक साल से ज्यादा वक्त तक भारत के लिए मैच नहीं खेला। 2019 में इंग्लैंड में हुए विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ माही सेमीफाइनल मैच खेलने उतरे थे। हालांकि भारत को वो मैच जीत नहीं पाया, मगर धोनी उस वक्त काफी निराश हुए थे। तब से फैंस चाह रहे थे कि माही मैदान में कब वापसी करेंगे मगर आज उन्होंने संन्यास का एलान कर सबको चौंका दिया।

विराट कोहली ने धोनी के रिटायरमेंट पर ट्वीट किया, 'हर क्रिकेटर को एक दिन संन्यास लेना पड़ता है। मगर जब कोई आपका बेहद करीबी रिटायर होता है तो उसके लिए फीलिंग्स बढ़ जाती है। आपने देश के लिए जो किया हमेशा याद रखा जाएगा। आपके साथी हमारी साझेदारी मैं कभी नहीं भूलूंगा। दुनिया ने आपकी अचीवमेंट्स देखी मैंने एक अच्छा इंसान देखा। बहुत-बहुत धन्यवाद कप्तान। मैं आपके सम्मान में सिर झुकाता हूं।'

सचिन तेंदुलकर ने भी धोनी को लेकर ट्वीट किया। वह लिखते हैं, 'टीम इंडिया और देश के लिए आपका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। आपके साथ 2011 वर्लडकप जीतना सबसे यादगार लम्हा है। आपको और परिवार को जिंदगी की दूसरी पारी शुरु करने के लिए बहुत बधाई।'

हरभजन सिंह लिखते हैं, 'एक महान विकेटकीपर, बल्लेबाज और कप्तान। मैं प्रार्थना करता हूं कि आपको तमाम खुशियां मिले। मैदान पर आपकी तमाम उपलब्धियों के लिए शुक्रिया। एक बेहतरीन करियर के लिए बधाई। आपको बहुत जल्द येलो जर्सी में देखूंगा।'



खिलाड़ियों के अलावा देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भी धोनी के रिटायरमेंट पर उनके शानदार करियर को याद किया। शाह ने ट्वीट किया, 'धोनी ने अपने अलग अंदाज से क्रिकेट की कुछ सुनहरी यादें दी हैं। दुनिया आपके हेलिकाॅप्टर शाॅट को याद करेगी, माही।'

Cricket News inextlive from Cricket News Desk