लखनऊ (एएनआई)। UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) को एक और बड़ा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के एक दिन बाद अब उनके साढ़ू और सपा के पूर्व नेता प्रमोद गुप्ता भाजपा में शामिल हुए है। प्रमोद गुप्ता ने सुबह औरैया में अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा था। आज मैं लक्ष्मीकांत वाजपेयी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होऊंगा।

अखिलेश ने मुलायम सिंह और शिवपाल को प्रताड़ित किया

इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सपा माफियाओं और अपराधियों को पनाह दे रही है और ऐसी पार्टी में रहने का कोई मतलब नहीं है। अखिलेश ने मुलायम सिंह यादव को कैद करके रखा है। अखिलेश यादव ने नेताजी (मुलायम सिंह) और शिवपाल को प्रताड़ित किया। इसके पहले बुधवार को मुलायम की बहू अपर्णा यादव बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुई थीं।

अपर्णा ने लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से टिकट मांगा

अपर्णा मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक की पत्नी हैं। उन्होंने 2011 में शादी की थी। सूत्रों के मुताबिक अपर्णा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से टिकट मांगा है। अपर्णा ने लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़कर राज्य में 2017 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक शुरुआत की। हालांकि उन्हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी ने हराया, जिन्होंने लगभग 63,000 वोट हासिल किए थे।

अपर्णा महिलाओं के लिए 'सावधान' नाम की संस्था चलाती

अपर्णा राजनीति के अलावा महिलाओं के कल्याण के लिए 'सावधान' नाम से एक संस्था भी चलाती हैं। वह लखनऊ में गायों के लिए एक आश्रय भी चलाती हैं। पहले भी उन्होंने राज्य में भाजपा की पहल की प्रशंसा की है और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 11 लाख रुपये का दान भी दिया था। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

National News inextlive from India News Desk