टैक्स वसूली अभियान में नगर निगम पिछड़ा, टारगेट 54 करोड़ वसूली हुई 23 करोड़

BAREILLY:

टैक्स वसूली टारगेट में नगर निगम के सामने साख बचाने की चुनौती आन पड़ी है। शासन से मिले टारगेट को पूरा करना तो दूर निगम के जिम्मेदार इसका आधा तक नहीं वसूल पाए हैं। शासन से मिले 54 करोड़ के टैक्स टारगेट के मुकाबले नगर निगम ने इस बार 27 मार्च तक 23.10 करोड़ की ही वसूली की है। मार्च का महीना खत्म होने में महज 4 दिन बाकी है। ऐसे में निगम के सामने इन 4 दिनों में 31 करोड़ का टैक्स वसूलने का टारगेट है। हर दिन करीब 8 करोड़ की वसूली हो सके तब जाकर निगम के जिम्मेदार शासन से मिले टारगेट को पूरा कर नए फाइनेंशियल ईयर में ज्यादा बजट की मांग कर सकेंगे। वहीं संडे को भी निगम में करदाताओं के लिए टैक्स जमा करने की सुविधा दी गई। जिसमें 12.05 लाख रुपए का टैक्स जमा हुआ।

करदाता बढ़े, वसूली नहीं

नगर निगम का टैक्स वसूली अभियान तमाम कोशिशों के बावजूद सफल नहीं रहा। निगम की सुस्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दिसंबर 2015 में छूट की समय सीमा खत्म होने के बावजूद अगले दो महीने जनवरी व फरवरी में जिम्मेदार वसूली अभियान शुरू न कर सके। पिछले साल के मुकाबले निगम ने इस बार टैक्स वसूली में इजाफा तो जरूर किया। लेकिन इस इजाफे में करदाताओं की बढ़ोतरी का आंकड़ा मिलाया जाए तो अभियान पिछले साल के मुकाबले कमतर ही रही। पिछले साल 88 हजार करदाताओं के मुकाबले इस बार रजिस्टर्ड करदाता 1.42 लाख हो गए। बावजूद वसूली का ग्राफ आधा भी पार न पहुंचा।