SARAIKELA : राजनगर में कलयुगी पिता ने पत्थर से कुचलकर की बेटे की हत्या। राजनगर थानांतर्गत जोनबनी में दो साल के बाद घर लौटे चौदह वर्षीय आकाश मुंडरी की उसके पिता बोगदा मुंडरी अपने बड़े बेटे व पत्नी के साथ मिलकर सोमवार की रात पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। मंगलवार को सूचना के आधार पर राजनगर पुलिस ने काशीदा डैम के नीचे आकाश का लहुलहान शव बरामद किया।

थाना में प्राथमिकी दर्ज

मृतक के दादा लामरा मुंडरी ने अपने बेटे बोगदा मुंडरी, बहु नितमा मुंडरी व बड़ा पोता विकाश मुंडरी के विरुत्र आकाश मुंडरी की हत्या का आरोप लगाते हुए राजनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमकि दर्ज कर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। तीनों आरोपित घर में ताला लगा कर फरार बताया जा रहा है। मृतक के दादा लामरा मुंडी ने बताया कि बोगदा मुंडरी ने दो शादी की थी। पहली पत्नी से दो बेटे हैं और आकाश मुंडरी दूसरी पत्नी का बेटा था। आकाश का जन्म से ही बोगदा मुंडरी व उसकी पहली पत्नी दूसरी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए प्रताडि़त करने लगे। आकाश जब एक साल का था तो प्रताड़ना से तंग आकर उसकी मां उसे घर छोड़कर चली गई। मां के घर छोड़कर जाने के बाद आकाश को उसके दादा ने उसे पाला। दो साल पहले आकाश पर उसके पिता ने जानलेवा हमला किया तो दादा ने उसे रांची में ले जाकर किसी अनाथ आश्रम में रख दिया। दो साल के बाद 27 जून को आकाश को उसके दादा लामरा मुंडरी ने रांची से घर ले आया।

जबरन ले गए

बोगदा मुंडरी अपनी दूसरी पत्नी के बेटे आकाश को नफरत करते थे। मृतक के दादा ने बताया कि सोमवार को शाम सात बजे के लगभग जब वे खाना खा रहे थे बोगदा मुंडरी अपनी पहली पत्नी नितमा मुंडरी व बड़ा बेटा विकास मुंडरी के साथ बाइक से आया और आकाश के साथ मारपीरट की। बीच-बचाव करने पर बोगदा ने अपने पिता के साथ भी मारपीट की। मारपीट करने के बाद बोगदा ने आकाश को रस्सी से बांधा और पिता से कहा कि इसे ठिकाने लगा कर आ रहे हैं, इसके बाद आप को भी ठिकाने लगाएंगे। बोगदा ने आकाश को जबरन बाइक में बैठा कर ले गया। उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाया परंतु उनका घर गांव से अलग होने के कारण किसी ने नहीं सुना। दादा ने कहा कि मंगलवार को आकाश का शव काशीदा डैम के नीचे पड़ा मिला।

मृतक के दादा लामरा मुंडरी के बयान पर बोगदा मुंडरी, उसकी पहली पत्नी नितमा मुंडरी व बड़े बेटे विकाश मुंडरी के विरुद्ध आकाश की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद से ही तीनों आरोपित फरार हैं। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। जल्द ही आरोपित गिरफ्तार होंगे।

चंदन कुमार बत्स, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय सरायकेला