शहर में सीनियर सिटीजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जहां मंगलवार को बुढ़ाना गेट चौकी के सामने प्रहलाद वाटिका में एक बुजुर्ग महिला से लूट के बाद उसकी गला घोटकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और कातिल की खोजबीन शुरू कर दी।

अकेली रहती थी
बुढ़ाना गेट चौकी से चंद कदम की दूरी पर प्रहलाद वाटिका के मकान नंबर 281 में कृष्णा अग्रवाल (61) पत्नी प्रीतम अग्रवाल अकेली रहती थीं। उनके पति प्रीतम बिजली विभाग से सेवानिवृत थे। जिनकी मौत करीब साढ़े तीन साल पहले हो चुकी थी।

गला घोंटकर हत्या
मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे कृष्णा की रिश्तेदार डालमपाड़ा की रहने वाली अनीता उनके घर पहुंची। उन्होंने दरवाजे पर दस्तक दी लेकिन वह नहीं खुला। कृष्णा को आवाज भी दी गई। इसके बाद दरवाजे को खोला गया तो वह पहले से ही खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कृष्णा बाथरूम में मृत पड़ी थीं। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। कृष्णा का गला घोटा गया था.

बदमाशों ने की जमकर लूटपाट
पुलिस ने जब मकान के अंदर जाकर देखा तो बदमाशों द्वारा वारदात साफ दिखाई दी। बदमाशों ने कृष्णा को पहले कब्जे में लिया और उसकी गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद पूरे घर को खंगाल कर जो मिला उसको ले गए। घटना की जानकारी के बाद एसपी सिटी ओमप्रकाश और सीओ कोतवाली मनीषा सिंह ने मौके पर पहुंची. 

जानकार हो सकता है हत्यारा
कृष्णा की हत्या करने वाला कोई जानकार हो सकता है। इसके पीछे कई कारण निकल सामने आ रहे हैं। लोगों ने बताया कि जब भी कोई घर की घंटी बजाता था तो सबसे पहले कृष्णा खिड़की से बाहर देखा करती थी। उसके बाद दरवाजा खोलती थी। पुलिस मानकर चल रही है कि कृष्णा ने दरवाजा तब खोला होगा। जब कोई जानकार उन्होंने देखा होगा।

अलीगढ़ में रहता है दत्तक पुत्र
कृष्णा का एक गोद लिया हुआ बेटा गौरव है। गौरव कृष्णा की बड़ी बहन का बेटा है जिसको उन्होंने गोद लिया था। आजकल वह अलीगढ़ में पत्नी के साथ रहता है। लोगों ने बताया कि गौरव बहुत दिनों से मेरठ नहीं आया है.

कृपालु जी की थी भक्त
कृष्णा कृपालु जी महराज की भक्त थी। वो उनके आश्रम में भी जाती थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले ही कृपालु जी महाराज को दस तोले सोने और करीब पंद्रह लाख रुपये दिए थे.

"मैं घटनास्थल पर गई थी, मौके पर जाने के बाद ऐसा लगा कि कोई जानकार घर में आसानी से घुसा होगा। जिसने कृष्णा को मौत के घाट उतारा। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी."
- मनीषा सिंह, सीओ कोतवाली