meerut@inext.co.in

MEERUT : प्रापर्टी डीलर की हत्या कर शव को सातवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। सबूत मिटाने के लिए खून को पानी से बहाया। मृतक के परिजनों ने एक महिला पर अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। पुलिस के साथ भी हाथापाई की। पुलिस दो महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने लाई। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी का कहना है कि तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला को हिरासत में लेकर छानबीन की जा रही है।

लिव-इन-रिलेशनशिप

यह सनसनीखेज घटना बिजली बंबा बाईपास स्थित सुपरटेक ग्रीन विलेज कालोनी के ई- ब्लाक की है। परतापुर थाना क्षेत्र की इंदिरापुरम कालोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर 44 वर्षीय नीरज कुमार पुत्र ओंकार सिंह अपने परिवार के साथ इंदिरापुरम कालोनी में रहता था। परिजनों का आरोप है कि नीरज के पिछले ढाई साल से सुपरटेक ग्रीन विलेज में ई ब्लॉक के फ्लैट संख्या 801 निवासी रिया राणा से संबंध थे। रविवार को भी वह रिया राणा के साथ ग्रीन विलेज में था। आरोप है कि रविवार रात दो बजे करीब रिया राणा, उसकी मां कमलेश व भाई विपुल ने पहले नीरज को नशे में किया। इसके बाद नीरज की हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए नीरज के शव को अपने फ्लैट की सातवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। आसपास के लोगों ने नीरज के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को  फोन किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेजा। ब्रह्मपुरी थाने में रिया राणा, उसकी मां कमलेश तथा भाई विपुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

सुबह आया फोन

सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे अज्ञात व्यक्ति ने नीरज की पत्नी बबली के फोन पर सूचना दी कि नीरज की तबीयत खराब हो गई है, उन्हें मेडिकल अस्पताल पहुंचा रहे हैं। ग्रीन विलेज में परिजनों को पता चला कि नीरज की तबीयत खराब नहीं हुई, बल्कि हत्या के बाद शव को सातवीं मंजिल से फेंका गया है।

इंदिरापुरम में परिवार

नीरज की पत्नी बबली, 17 वर्षीय बेटा आशीष, 14 वर्षीय बेटा कार्तिक इंदिरापुरम कालोनी परतापुर में रहते हैं। नीरज के पिता ओंकार सिंह ने बताया कि दो अन्य बेटों में एक अंकित दिल्ली में नौकरी करता है और छोटा बेटा धीरज पिता के साथ रह रहा है।

शौकीन मिजाज था नीरज

पिता ने बताया कि नीरज का रीयल एस्टेट के कारोबार अच्छा चल रहा था। ऐसे में उसके शौक भी परवान चढ़ रहे थे। एक ओर उसकी रिया से नजदीकियां बढ़ रही थीं तो वहीं उसने अपनी पत्नी बबली और बेटों से मुंह मोड़ लिया था।

अलग रहती थी रिया

रया राणा मूल रूप से परतापुर के अछरौंडा गांव की रहने वाली है। बताया जाता है कि उसके पति की कई साल पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद वह ग्रीन विलेज कॉलोनी में आकर अकेली रहने लगी। जबकि उसकी मां कमलेश भी ग्रीन विलेज में ही ई ब्लॉक में चौथी मंजिल पर अलग फ्लैट में रहती है।

रिया पर बहाया पैसा

नीरज की पत्नी बबली और भाई धीरज ने बताया कि परिवार में बंटवारे के दौरान नीरज के हिस्से में करीब दो करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी आई थी। उसके बाद वह रिया के संपर्क में आ गया। नीरज ने रिया को कई बार सोने के गहने और प्रॉपर्टी बेचकर लाखों रुपए दिए थे। इन प्रकरणों की शिकायत थाना ब्रह्मपुरी थाने में भी की, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। समझौता कराने के नाम पर पुलिस ने रिया को ही नीरज से कई बार दो-दो लाख रुपये दिलवा दिए।

महिला पर अवैध संबंध का आरोप है। केस की जांच की जा रही है। तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ ब्रह्मपुरी

Crime News inextlive from Crime News Desk