- पचपेडा-स्याल मार्ग पर बाइक सवार युवकों की वारदात

- प्रॉपर्टी के विवाद के चलते किया गया जानलेवा हमला

Meerut : पचपेडा-स्याल मार्ग बाइक सवार प्रॉपर्टी डीलर को बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी, जबकि उनके दूसरे साथी ने गन्ने के खेत में घुसकर जान बचाई। वारदात के समय प्रॉपर्टी डीलर दोस्त के साथ अपने पार्टनर से मिलकर घर लौट रहा था। पुलिस की मदद से घायल अवस्था में प्रॉपर्टी डीलर को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के परिजनों की तहरीर पर दो नामजद समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के पीछे प्लॉट का विवाद होना बताया जा रहा है।

सड़क पर घेरा

परतापुर थाना अंतर्गत पंचवटी एन्क्लेव शताब्दीनगर निवासी देवराज पुत्र उदयवीर प्रापर्टी खरीदने-बेचने का काम करता है। भावनपुर के स्याल निवासी अतुल शर्मा उसका पार्टनर है। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह देवराज अपने पड़ोसी जितेन्द्र के साथ अतुल शर्मा से मिलने आया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वापस लौटते समय पचपेड़ा-स्याल मार्ग पर दो बाइक सवार चार युवकों ने घेर लिया और देवराज से प्लाट को लेकर कहासुनी करने लगे।

फरार हो गए बदमाश

इसी बीच देवराज व हमलावरों के बीच हाथापाई हो गई। हमलावरों ने देवराज को पिस्टल से दो गोली मारी और मौके से फरार हो गए। साथी जितेन्द्र शर्मा भागकर ईख के खेत में घुस गया। शोर-शराबा करने पर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल को सर्वोदय नर्सिग होम भर्ती कराया। सूचना पर थाना पुलिस व सीओ किठौर श्वेताभ पांडेय नर्सिग होम पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की।

---

कार्यवाहक थाना प्रभारी एसआई सोहन सिंह ने बताया कि देवराज के साथी जितेन्द्र की ओर से गजेन्द्र पुत्र मनबीर निवासी अछरौंडा परतापुर, राहुल पुत्र जयकुमार निवासी कंचनपुर थाना परतापुर व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

फ् सौ गज का प्लॉट बना विवाद

सीओ श्वेताभ पांडेय के अनुसार परतापुर थाने के पास एक फ्00 गज का प्लाट है। जिसको लेकर पिछले काफी समय से विवाद चला आ रहा है। इसी से संबंधित परतापुर थाने में एक धोखाधड़ी का मुकदमा भी दर्ज है।