-नगर निगम की टीम ने एनक्रोचमेंट हटाने के लिए सिटी में शुरू किया एनाउंसमेंट

-खुद से हटाने की दी चेतावनी, दो दिन बार शुरू होगा अभियान

VARANASI

सुनो, सुनो, सुनो हटा लो अतिक्रमण वर्ना हम तोड़ देंगे और इसका खर्चा भी देना होगा अतिक्रमण करने वालों को। ये हम नहीं कह रहे हैं। नगर निगम सिटी में एनक्रोचमेंट कर रखे लोगों के खिलाफ अभियान शुरू करने से पहले उन्हें एनाउंसमेंट के जरिए ये सूचना दे रहा है।

भेलूपुर और वरुणापार जोन के अधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर एनाउंसमेंट कराया। नगर निगम व प्रशासन की ओर से फिलहाल नालों और फुटपाथ पर जिन लोगों ने स्थायी और अस्थायी निर्माण कराया है, उसे हटाया जाएगा। हालांकि इस अभियान में लाल निशान लगाये भवन शामिल नहीं हैं।

लग चुका है निशान

सिटी में नाली और फुटपाथ पर अतिक्रमण किये लोगों को चिन्हित कर लिया गया है। इन्हें पहले चेतावनी दी जा रही है कि वह अपना अतिक्रमण खुद से हटा लें वर्ना नगर निगम पुलिस और प्रशासन की मदद से उसे ध्वस्त करेगा और इसके एवज में उनसे ध्वस्तीकरण का खर्च भी वसूल किया जाएगा।

आज से शुरू होना है अभियान

जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार से अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू किया जाना है। प्रशासन की ओर से छह जून का दिन तय किया गया है। इसके लिए मजिस्ट्रेटों को भी लगाया गया है।