- डोर-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नगर निगम ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया

- चार कंपनियों ने टेंडर लेने की जताई इच्छा, फाइनेंशियल बिड के आधार पर जल्द होगा करार

बरेली : कुंभ की तर्ज पर शहर में सफाई व्यवस्था करने के लिए नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था को प्रभावी करने की तैयारी कर ली है। निगम निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है जिसमें शहर की चार एजेंसियों ने इच्छा जताई है। जल्द ही किसी एक एजेंसी से करार कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

फाइनेंशियल बिड के आधार पर करार

शहर में डोर -टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नगर निगम ने बीते दिनों ऑनलाइन टेंडर निकाले थे। इस काम को करने के लिए चार एजेंसियों ने इच्छा जताते हुए टेंडर डाले। नगर निगम ने टेक्नीकल बिड खोल ली है, जिसमें चारों कंपनियां क्वालीफाई कर चुकी हैं। अब फाइनेंसियल बिड खुलनी है, जिसकी भी दरें कम होंगी, उसे टेंडर दिया जाएगा। उसके बाद शहर में व्यवस्था लागू हो जाएगी।

डाटाबेस होगा तैयार

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था का टेंडर होने के बाद एजेंसी सबसे पहले शहर के सभी 80 वार्डो में यूजर का डाटाबेस तैयार करेगी। उसके बाद हर यूजर की यूनिक आइडी बनाई जाएगी। सभी यूजर को दो-दो डस्टबिन दिए जाएंगे। नीले डस्टबिन में सूखा और हरा डस्टबिन में गीला कूड़ा रखा जाएगा। निगम एजेंसी को नए रिक्शे मुहैया कराएगा। घरों से कूड़ा अलग-अलग उठाने के बाद एजेंसी के कर्मचारी नजदीकी डलावघर में कूड़ा डालेंगे।

निगम तीन बार हो चुका फेल

नगर निगम ने पहले भी तीन बार डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को शहर में लागू किया। यह व्यवस्था शहर के सभी वार्डो में सही से लागू नहीं हो पाई। जिस कारण कई माह से टेंडर प्रक्रिया अधर में लटकी थी। पिछले कई महीनों से व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाई हुई है। कुछ मुहल्लों में ही प्राइवेट सफाई कर्मचारी व्यवस्था को संभाले हैं। वह मनमाने ढंग से घरों से यूजर चार्ज वसूल रहे हैं। जो लोग रुपये नहीं देते हैं उनके घरों से कूड़ा नहीं उठा रहे हैं।

वर्जन

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए चार एजेंसियों ने इच्छा जताई है। टेक्नीकल बिड खोली जा चुकी है। फाइनेंशियल बिड खोलने के बाद एजेंसी तय हो जाएगी। फिर व्यवस्था को पूरे शहर में लागू किया जाएगा।

-संजीव प्रधान, पर्यावरण अभियंता