18 बड़े नालों के साथ छोटी नालियों की सफाई तेज

कर्मचारियों की कमी आड़े आ रही नालों की सफाई में

देहरादून। नगर निगम ने बरसात से पहले नाला गैंग को एक्टिव कर लिया है, ताकि शहर में नालियों में जाम के कारण शहर में जल भराव की स्थिति न हो और नालियां चोक न हों। इसके लिए नगर निगम ने नाला गैंग तैयार कर लिया है। जबकि शहर में नालियों की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया के बाद अलग-अलग वार्ड के लिए नाला गैंग को चुना जाता है। जो वार्ड के अनुसार ही शहर की नालियों की सफाई करते हैं। लॉकडाउन का फायदा उठाते हुए नगर निगम शहर के नालों की सफाई में जुटा है।

शहर में 100 वार्ड

सिटी में पहले 60 वार्ड थे। जो अब 100 हो गये हैं। इससे नगर निगम की जिम्मेदारी अब पहले से ज्यादा बढ़ गई है। नगर निगम इन दिनों शहर में सेनिटाइजेशन का काम कर रहा है, ताकि लॉकडाउन के दौरान कोरोनावायरस का संक्रमण न फैले। इन दिनों नगर निगम नालियों की सफाई का काम कर रहा है। हालांकि इसके लिए 400 से अधिक कर्मचारियों की जरूरत है, लेकिन फिलहाल 120 कर्मचारियों से ही काम चलाया जा रहा है। हालांकि नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही टेंडर प्रकिया के साथ अन्य कर्मचारियों को लगाया जाएगा।

15 जून से मानसून सीजन

15 जून को उत्तराखंड में मानसून की दस्तक को माना जाता है। मानसून आने पर शहर में जल भराव की समस्या होती है। ऐसा नालियों में कूड़ा भर जाने के कारण होता है। इसे देखते हुए नगर निगम शहर में मानसून के दौरान नालियों की सफाई करता है। इसके लिए टेंडर भी जारी किया जाता है। मानसून सीजन शुरू होने के पहले नालों की सफाई का प्रयास किया जाता है।

18 बड़े नाले

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार शहर में बड़े नाले 18 हैं और छोटी नालियां 55 हैं। सभी छोटी नालियों को भी बड़े नालों से जोड़ा गया है। इन सभी नालियों की सफाई चल रही है।

यहां हो चुकी सफाई

अब तक ¨प्रस चौक, जाखन, हाथीबड़कला, परेड ग्राउंड, कालिदास रोड, गांधी रोड, राजा रोड, नेशविला रोड, सालावाला में नालियों की सफाई नगर निगम करवा चुका है।

शहर में सेनिटाइजेशन के अलावा सफाई की जा रही है। नाला गैंग को शहर की नालियों की सफाई में लगाया गया है।

रोहिताश शर्मा, अपर मुख्य नगर आयुक्त, नगर निगम

मानसून आने पर शहर में जगह-जगह जल भराव से मलेरिया, डेंगू के मच्छर पनपते हैं। नालियों की सफाई होने के साथ ही बीमारियों के फैलने की संभावना भी कम हो जाएगी।

: डॉ। अभय, दून हॉस्पिटल