आगरा : नगर निगम की टीम ने खेरिया मोड़ अजीत नगर गेट से ताज के पूर्वी गेट तक तीन दर्जन से ज्यादा अवैध अतिक्रमण हटाए गए। सुबह से लेकर रात 8.30 बजे जेसीबी मशीन चलती रही। संडे को नगर निगम की एंफोर्समेंट टीम ने सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला और एंफोर्समेंट के प्रभारी कर्नल एके सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया। इस बारे में सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि इस दौरान 30 से ज्यादा अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए गए हैं। अभी कार्रवाई जारी है। इसमें दो लाख 52 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। नगर निगम की टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सुबह से ही अभियान शुरू कर दिया। सबसे पहले टीम ने ईदगाह बस स्टेशन के आसपास लगने वाली पेठे की दुकानों के आगे के अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इसके बाद अजीत नगर गेट के पास अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किए गए। इसके बाद फतेहाबाद रोड स्थित अमर होटल के पास अवैध अतिक्रमण हटाया गया।