नई दिल्ली (भारत) (एएनआई)। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का रविवार रात कार्डियक अरेस्ट के बाद चेन्नई में निधन हो गया।उनके निधन से देश में शोक की लहर दाैड़ गई। टीएन शेषन को भारत में चुनाव नियमों को सख्ती से लागू करवाने के लिए जाना जाता है। 87 वर्षीय टीएन शेषन भारत के 10वें मुख्य चुनाव आयुक्त थे। उन्होंने 12 दिसंबर, 1990 से 11 दिसंबर, 1996 तक इस पद पर रहकर अपनी सेवाएं दी थीं। वह तमिलनाडु कैडर के 1955 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी थे।


श्री टी एन शेषन एक उत्कृष्ट सिविल सर्वेंट
टीएन शेषन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े दिग्गजों ने दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि 'श्री टी एन शेषन एक उत्कृष्ट सिविल सर्वेंट थे।  उन्होंने अत्यंत परिश्रम और निष्ठा के साथ भारत देश की सेवा की। चुनावी सुधारों के प्रति उनके प्रयासों ने हमारे लोकतंत्र को मजबूत और अधिक सहभागी बनाया है। उनके निधन से पीड़ा हुई। ऊं शांति।'


गृह मंत्री अमित शाह ने व्यक्त किया दुख

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि 'पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त, श्री टी एन शेषन जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने भारत की चुनावी संस्था को सुधारने और मजबूत बनाने में एक परिवर्तनकारी भूमिका निभाई। राष्ट्र उन्हें हमेशा याद रखेगा।  मेरी प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।' इसके अलावा पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी ने ट्वीट किया कि 'यह बताते हुए दुख हो रहा है कि टीएन शेषन अब हमारे बीच नहीं हैं। वह आदर्श और अपने उत्तराधिकारियों के लिए प्रेरक थे। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।

 

 

National News inextlive from India News Desk