-हिन्दुस्तानी एकेडेमी में अगले वर्ष से दिया जाएगा पांच लाख पुरस्कार राशि का संत कबीर सम्मान

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: हिन्दुस्तानी एकेडेमी ने साहित्य की अलग-अलग विधाओं में 2017-18 से सम्मानों की श्रृंखला शुरू की थी। इसमें कई और बड़े साहित्यकारों के नाम पर पुरस्कार दिए जाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए एकेडेमी प्रशासन ने अगले वित्तीय वर्ष में संत कबीर सम्मान देने की घोषणा की है। इसकी पुरस्कार राशि पांच लाख रुपए निर्धारित की गई है। इतना ही नहीं गोस्वामी तुलसीदास सम्मान की पुरस्कार राशि को 2.5 लाख से बढ़ाकर पांच लाख भी किया गया है।

पत्रकारिता में मिलेगा सम्मान

एकेडेमी प्रशासन ने अगले साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर सम्मान देने की योजना बनाई है। एकेडेमी के इतिहास में विद्यार्थी जी के नाम पर पहली बार पुरस्कार दिया जाएगा। इसकी पुरस्कार राशि दो लाख रुपए रखी गई है। इसे पत्रकारिता के क्षेत्र उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया जाएगा। एकेडेमी ने इस प्रस्ताव की मंजूरी के लिए भाषा विभाग लखनऊ के पास भेजा है।

यह भी होंगे शामिल

एकेडेमी द्वारा अगले वर्ष से कई अन्य साहित्यकारों के नाम पर पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है। इनमें प्रमुख रूप से हिन्दी साहित्य जगत के शीर्ष पुरुष रहे जय शंकर प्रसाद व महादेवी वर्मा के नाम पर क्रमश: दो-दो लाख रुपए का सम्मान दिया जाएगा। जबकि युवा लेखन सम्मान के अन्तर्गत 25 हजार रूपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

साहित्य के क्षेत्र में प्रयागराज का अपना अलग ही विशिष्ट स्थान है। संत कबीर दास व जयशंकर प्रसाद सम्मान के अलावा कई अन्य सम्मानों को देने की योजना बनाई गई है। यह एकेडेमी के प्रतिवर्ष 29 मार्च को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस के दिन प्रदान किया जाएगा।

-डॉ। उदय प्रताप सिंह, अध्यक्ष हिन्दुस्तानी एकेडेमी