- परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होनी है 300 नई बसें, फ‌र्स्ट फेज में निगम के पास पहुंची 118 बसें

- दीपावली के त्योहार के मौके पर नई बसों से आमदनी बढ़ाने पर जोर

>DEHRADUN: राज्य परिवहन निगम के बसों के बेड़े में 300 नई बसें शामिल होंगी। ये बसें अलग-अलग कंपनियों की हैं। फ‌र्स्ट फेज में निगम के पास 118 बसें पहुंच चुकी हैं। दीपावली के त्योहार के मौके पर निगम की आय में इजाफा हो, इसके लिए 20 अक्टूबर तक 10 बसें बेडे़ में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। बताया गया है कि अब तक रोडवेज परिवहन निगम के बेड़े में करीब 1250 बसें शामिल हैं।

300 नई बसें बेड़े में होंगी शामिल

उत्तराखंड परिवहन निगम में नई बसों की किल्लत लंबे समय से चली आ रही है। कई बार मीडिया में खबरें सामने आ चुकी हैं कि बूढ़ी व डग्गामार बसों के सहारे परिवहन निगम चल रहा है। आखिरकार निगम ने नई बसों की खरीद को मंजूरी दी। लंबी कसरत व जद्दोजहद के बीच 300 बसें निगम के बेड़े में शामिल होनी हैं। ये बसें टाटा, अशोक लीलेंड कंपनियों की बताई गई हैं। इसके लिए फ‌र्स्ट फेज में निगम की करीब 118 बसें दून पहुंचने के साथ ही तैयार की जा रही हैं। ये बसें फिलहाल मोहब्बेवाला में तैयार की जा रही हैं। बसों को आरटीओ से एनओसी मिलने के साथ ही संबंधित कंपनी की ओर से तैयार किया जा रहा है। जिनमें सीसीटीवी, जीपीएस इंस्टॉल होने बाकी हैं।

आरटीओ से एनओसी मिलने में हो रही दिक्कत

निगम के अधिकारी व कर्मचारी दीपावली के मौके पर नई बसें बेड़े में शामिल करना चाहते हैं। लेकिन इसमें कुछ अड़चनें सामने आ रही हैं। निगम को आरटीओ से एनओसी मिलने में ज्यादा वक्त लग रहा है। हालांकि निगम पूरी कसरत कर रहा है। सभी बसों की परमिशन दून आरटीओ से ही मिलनी है। जिसके बाद गढ़वाल व कुमाऊं डिपो में बसें संचालित की जाएंगी।

निगम की आमदनी बढ़ाने पर जोर

निगम के अधिकारी व कर्मचारी दीपावली से पहले कम से कम 100 बसें उतारने की तैयारी में हैं। जिससे दीपावली के मौके पर निगम की आय में बढ़ोत्तरी हो सके। लेकिन अब हल्द्वानी में 20 अक्टूबर को परिवहन मंत्री के 10 बसों को लॉन्च करने की योजना है।

प्राइवेट कंपनी के ड्राइवर चलाएंगे बसें

परिवहन निगम के जीएम संचालन दीपक जैन ने बताया कि विभाग में ड्राइवरों की कमी पहले से है। नई बसों के बेड़े में शामिल होने के बाद ड्राइवरों की कमी को पूरा करने के लिए प्राइवेट कंपनी से ड्राइवर हायर किए जा रहे हैं। उक्त कंपनी कई गवर्नमेंट ऑफिसों में अपनी सेवाएं दे रही है।

हां, नई बसें आ चुकी हैं। 20 अक्टूबर को फ‌र्स्ट फेज में हल्द्वानी में 10 बसें बेड़े में शामिल की जा रही है। इसके बाद बसों को शामिल करने का सिलसिला जारी रहेगा।

- दीपक जैन, जीएम संचालन, उत्तराखंड रोडवेज परिवहन निगम।