RANCHI : राज्य में वेतन की तारीख सामने आते ही राज्य सरकार ने विशेष व्यवस्था कर 900 करोड़ रुपए के नोटों की खेप झारखंड मंगवा ली है। 29 नवंबर को यह पैसा रांची पहुंचा। राज्य के अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अमित खरे ने कहा है कि राज्य सरकार करेंसी की कमी को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विमुद्रीकरण के बाद हो रही परेशानियों के मद्देनजर यह झारखंडवासियों के लिए राहत की खबर है।

बैंक व एटीएम पहुंचाए जा रहे हैं नोट

श्री खरे ने कहा कि नए नोटों की खेप राज्य के सभी बैंकों और एटीएम तक पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया की करेंसी की कमी से आम जनों को जल्द से जल्द निजात दिलाने के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के केन्द्रीय कार्यालय ने नई करेंसी की अगली खेप सीधे रांची भेजने की व्यवस्था की है। पहले यह पटना से रांची भेजा जाता था। अब सिक्यूरिटी पि्रंटिंग प्रेस (टकसाल) से नए नोट विमान से सीधे रांची भेजे जाएंगे।

जल्द ही स्थिति होगी सामान्य

श्री खरे ने बताया कि करेंसी की खेप सीधे रांची रिजर्व बैंक पहुंचने से नोटों की कमी की समस्या जल्द ही दूर हो जाएगी। उन्होंने राज्य के लोगों से संयम की अपील करते हुए कहा कि राज्य प्रशासन स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।