-कत्ल को सुसाइड में तब्दील करने के लिए कातिलों ने मुंह में डाला जहर

-हत्या के पीछे अपनों के हाथ होने की आशंका, रुपयों व जमीन का विवाद मानी जा रही वारदात की वजह

PRAYAGRAJ: कत्ल के बाद कबेर सिंह (50) के मुंह में जहर की गोलियां डाल दी गई। उसकी मौत पक्की करने के लिए सिर पर वजनी चीज से प्रहार कर दिया गया। देर रात शव को रोड किनारे फेंक कर कातिल चले गए। रविवार को मॉर्निग वाक पर निकले ग्रामीणों ने उसका शव देखा तो सन्नाटे में आ गए। खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गहराई से छानबीन की। उसके छोटे बेटे दिनेश ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कत्ल के पीछे पैसे व जमीन का विवाद बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि कातिल परिवार या गांव का ही कोई हो सकता है।

देवघाट गांव के पास मिला शव

धूमनगंज झलवा स्थित देवघाट निवासी कबेर पुत्र स्व। शेर सिंह छह भाइयों में पांचवे नंबर का था। कुछ साल पहले उसकी पत्नी गेंदिया की भी मौत हो गई थी। परिवार में दो बेटे गुलाब व छोटा दिनेश और बेटी शांति है। बेटे गुलाब और बेटी शांति की शादी हो चुकी है। बड़ी बहू बंदना घर पर ही रहती है। दोनों बेटे प्राइवेट काम किया करता थे। कबेर पिता की मौत के बाद खेती-किसानी ही करता था। बताते हैं कि पिछले माह कबेर ने साढ़े 19 लाख रुपए में देवघाट स्थित छह बिस्वा जमीन बेची थी। मिले रुपयों में से दो लाख 90 हजार रुपए में फतेहपुर पनई में उसने जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर दो कमरे भी बने हुए हैं। ग्रामीण बताते हैं कि 13 सितंबर को वह गांव में देखा गया था। इसके बाद उसे किसी ने नहीं देखा।

छोटे बेटे ने दी तहरीर

उसके शव के मिलने की खबर सुन परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। कबेर के छोटे बेटे दिनेश ने अज्ञात के खिलाफ पिता के कत्ल की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण सिर में गंभीर चोट पाया गया। उसके मुंह में जहर की गोलियां भी मिली हैं। मुंह जहर डालने के पीछे की मंशा कत्ल को सुसाइड का रूप देने का रहा होगा। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। देर शाम तक चली पड़ताल में जो तथ्य पुलिस के सामने आए हैं उससे माना जा रहा है कि कत्ल के पीछे रुपये या फिर जमीन को लेकर विवाद रहा होगा। हत्या में किसी परिवार के किसी शख्स या गांव के व्यक्ति का हाथ माना जा रहा है।

एक बेटे व बहू से था मनमुटाव

सूत्रों के मुताबिक जमीन बेचकर मिले पैसों को लेकर परिवार में तनाव की स्थिति थी। कबेर ने सारे रुपए अपने पास ही रखे हुए थे। लोगों का कहना है कि इस बात को उसका बेटे गुलाब व बहू से मनमुटाव भी था। कुछ दिन पूर्व बहू ने जमीन के बंटवारे को लेकर भी पहल की थी। दावा तो यह भी है कि कबेर ने मामले से तंग आकर पुलिस को बेटे के खिलाफ तहरीर भी दी थी। पुलिस ने दोनों को समझा-बुझा कर शांति से रहने की हिदायत दी थी।

मृतक के छोटे बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। कत्ल की वजह व कातिल स्पष्ट नहीं है। इनका पता लगाया जा रहा है। हत्या के पीछे कई तहर के क्लू सामने आए हैं। हर एंगल पर गहनता से छानबीन की जा रही है।

-विजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर धूमनगंज