बाढ़ ग्रस्त इलाकों में बारिश से नारकीय हुआ जीवन

दरवाजे पर जमा हुई गंदगी, निकलना हुआ दूभर

PRAYAGRAJ: लगातार हो रही बारिश ने बाढ़ ग्रस्त इलाकों में रहने वालों का जीना मुहाल कर दिया है। यहां पहले से साफ सफाई का टोटा था और अब शुक्रवार को सुबह से हो रही बारिश की वजह से गंदगी दरवाजों पर इकट्ठा हो गई। इसकी वजह से लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया।

यहां पर बदतर हुए हालात

बाढ़ का सर्वाधिक प्रकोप बघाड़ा, ढरहरिया, जवाहरगंज, नेवादा, राजापुर, गंगानगर आदि एरिया में रहा था। यहां पर बाढ़ का पानी उतरने के बाद चारों ओर गंदगी पसरी हुई थी। अभी नगर निगम द्वारा इस गदंगी की ठीक से साफ सफाई भी नही हुई थी कि शुक्रवार को हुई जोरदार बारिश ने पूरा पासा ही पलट दिया। यह गंदगी लोगों के घर के बाहर एकत्र हो गई है। जिसकी वजह से पैदल चलना दुश्वार हो गया है। सैकड़ों लोग अपने घरों में कैद होने पर मजबूर हैं। उनका कहना है कि अगर बाहर गए तो यह गंदगी घर के भीतर आ जाएगी। इन एरियाज में भारी बारिश के चलते एक बार फिर बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। कूड़े से नाली के चोक हो जाने के बाद बारिश के पानी की निकासी नही हो पा रही है। इसकी वजह से जगह-जगह जलभराव हो गया है।

मोहल्लों की साफ सफाई हो जानी चाहिए। जहां कूड़ा लगा है वहां बारिश का पानी इकट्ठा हा रहा है। इससे लोगों को निकलने में दिक्कत होने लगी है।

जगदीश प्रसाद

नदियों का पानी मोहल्लों में आया था। अब बारिश का पानी मोहल्ले में लगने लगा है। कूड़ा नही हटाए जाने से इस तरह की प्राब्लम क्रिएट हो रही है।

इकबाल अहमद

यह बड़ी समस्या है। इसका हल नगर निगम को निकालना चाहिए। अगर ऐसे ही बारिश में गंदगी सड़ती रही तो लोगों में बीमारी फैलना शुरू हो जाएगा।

अकरम