-24 घंटे के भीतर दो मीटर से अधिक बढ़ा जलस्तर, कछार में हाहाकार

-एमपी में बारिश और कानपुर बैराज से छोड़ा गया पानी बना मुश्किल

PRAYAGRAJ: एक बार फिर गंगा-यमुना का पानी शहर की ओर बढ़ रहा है। इसका कारण एमपी में जोरदार बारिश और कानपुर बैराज से छोड़ा गया पानी है। इसके चलते नदियों में उफान बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में दो मीटर से अधिक जलस्तर बढ़ जाने से प्रशासन की नींद उड़ गई है। अधिकारियों ने एसटीपी और कछार के आसपास डेरा जमाना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि अगले दो से तीन दिन तक लगातार नदियों का जलस्तर बढ़ता रहेगा।

हर घंटे बढ़ रहा पानी

बुधवार सुबह आठ बजे से अचानक तीसरी बार गंगा और यमुना में जलस्तर बढ़ने लगा। यह गुरुवार रात तक जारी रहा। खबर लिखे जाने तक प्रति घंटा तीन से चार सेमी की रफ्तार से नदियों का पानी बढ़ रहा था। अधिकारियों का कहना है कि हमीरपुर में बेतवा और केन नदी का जलस्तर काफी ऊपर चला गया है। इसकी वजह से यमुना में लगातार दबाव बना हुआ है। इसके अलावा कानपुर बैराज से पिछले 48 घंटे में लगभग दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी कछार में अपनी पहुंच बनाने में लगा है।

दिनभर बारिश से हुआ जलभराव

उधर इस सीजन में एक बार फिर नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन का बक्शी बांध स्लूज गेट खोलने का मंसूबा फेल हो गया। इसके बंद होने से गुरुवार को दिनभर बारिश होने से आसपास के मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बनी रही। हालांकि प्रशासन का कहना है कि एसटीपी के सभी पंप चालू करा दिए गए हैं। बावजूद इसके अल्लापुर, बाघम्बरी गददी समेत कई इलाकों में पानी भर जाने से सड़कें लबालब हो गई।

दूसरी बार बड़े हनुमानजी ने किया स्नान

बुधवार शाम को इस सीजन में लगातार दूसरी बार बंधवा के बड़े हनुमानजी ने गंगा स्नान कर लिया। शाम को स्वयं गंगाजी ने उन्हें मंदिर के भीतर पहुंचकर स्नान कराया। यह दृश्य देखकर भक्तों ने खूब जयकारे लगाए।

जलस्तर

गंगा: 81.64 मीटर

यमुना: 81.48 मीटर

खतरे का निशान: 84.73 मीटर

वर्जन

अगले तीन से चार दिन तक इसी तरह जलस्तर बढ़ने उम्मीद है। हालांकि खतरे के निशान को पार करने जैसा आसार नहीं लग रहा है। हमारी नजर पीछे से आने वाले पानी पर है। कछार के हालात पर भी नजर रखी जा रही है।

-ब्रजेश कुमार, ईई, बाढ़ खंड इकाई