-बाढ़ का पानी उतरने के बाद आधा दर्जन से अधिक इलाकों में गंदगी का अंबार

-साफ-सफाई नहीं होने से परेशान हैं लोग, बीमारी फैलने का खतरा

PRAYAGRAJ: राहत शिविरों से लौटे तीन दिन हो गए, लेकिन आधा दर्जन से अधिक बाढ़ पीडि़त मोहल्लों में अभी कचरे का अंबार लगा हुआ है। लोगों की शिकायतों के बावजूद नगर निगम साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दे रहा है। हालांकि प्रशासन ने पहले ही इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बरतने की चेतावनी दी है। फिर भी अधिकारी बेफिक्र बैठे हुए हैं।

अभी तक नहीं पहुंची सफाई टीम

एलनगंज वार्ड के जवाहरगंज, ढरहरिया और बघाड़ा में गंदगी पसरी हुई है। शायद ही ऐसी कोई गली हो जहां कचरे का ढेर न लगा हो। खुद स्थानीय नागरिक इससे परेशान हो चुके हैं। उनका कहना है कि नगर निगम की टीम कब आकर सफाई कर जाती है पता ही नहीं चलता। नए सफाईकर्मी भी भेजे गए हैं, लेकिन वह ठीक से काम नहीं कर रहे। पुराने रूटीनकर्मियों की संख्या काफी कम है। अधिकारी भी कायदे से मॉनीटरिंग नहीं कर रहे हैं।

खुद से करनी पड़ रही सफाई

इसी तरह राजापुर की कई गलियों में अभी कूड़े का ढेर नहीं हटाया गया है। यहां पर भी लोगों का पैदल चलना दुश्वार हो रहा है। जबकि बाढ़ का पानी लौटे तीन दिन हो चुका है। अगर कचरा नहीं हटाया गया तो दुर्गधं से तमाम बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। पूर्व पार्षद अहमद अली ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों को बिना देरी किए वार्ड में सफाई अभियान शुरू कर देना चाहिए। जिससे लोगों को राहत मिल सके।

कॉलिंग

बाढ़ का पानी निकल गया लेकिन कचरे का ढेर लगा हुआ है। गलियों की साफ-सफाई जल्दी नहीं हुई तो कई तरह की बीमारियां फैलेंगी। इससे बचाने के लिए अभियान चलाया जाए।

-नीलू भारतीया, एलनंगज

राहत शिविरों से हजारों लोग लौटे हैं और यहां आकर गंदगी में फंस गए। इससे ज्यादा सफाई तो शिविर में थी। अधिकारियों ने वादा किया था कि मोहल्लों में जरा भी गंदगी नहीं रहेगी।

-अमन मौर्य, एलनगंज

विपक्षी पार्षद होने की सजा मिल रही है। बार-बार कहने पर भी वार्ड में साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है। इससे आम जनता परेशान हो रही है। अधिकारियों से अपील है कि जल्द जरूरी कदम उठाए जाएं।

-नितिन यादव, पार्षद, एलनगंज

मोहल्ले की सफाई जरूरी है। हमलोग अपनी ओर से कितना कर सकते हैं। यह काम नगर निगम को करना है। अगर अधिक दिन गंदगी फैली रही तो फिर दिक्कत बढ़ सकती है।

-गीता, राजापुर

अधिकारी कहते हैं कि संसाधनों की कमी है। ऐसा है तो बाकी मोहल्लों में कैसे सफाई हो गई। यहां पर भी बिना देरी किए साफ-सफाई कराई जानी चाहिए। पानी में क्लोरीन की सप्लाई भी शुरू होनी चाहिए।

-जैनब, राजापुर