नगर निगम को मिला शासन से फैक्स, आजम खां के गुस्से की गिरी गाज

BAREILLY:

नगर निगम के अधिकारियों पर गिरी नगर विकास मंत्री आजम खां के गुस्से की गाज का फरमान भी निगम पहुंच गया है। वेडनसडे शाम को अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह के तबादले और जलकल के एई आरवी राजपूत को सस्पेंड किए जाने का शासनादेश फैक्स से निगम में पहुंचा। नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव ने बताया कि अपर नगर आयुक्त को सहारनपुर नगर निगम में तबादला किया गया है। वहीं जलकल एई को सस्पेंड कर देवरिया डीएम ऑफिस से अटैच्ड किए जाने का आदेश है। इससे पहले ट्यूजडे को ही निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई की खबर जिम्मेदारों तक पहुंच गई थी। लेकिन आला अफसरान शासनादेश की कॉपी न मिलने से इसकी पुष्टि करने से बच रहे थे। मंडे को शहर में सूफी टोला एक सगाई समारोह में आए आजम खां से कुछ महिलाओं ने मोहल्ले की दुर्दशा की शिकायत की थी। जिसके बाद नाराज मंत्री ने कार्रवाई के आदेश दिए।