- अक्टूबर के पहले हफ्ते में पिपराइच और मुंडेरवा में नई चीनी मिल का होगा शिलान्यास

GORAKHPUR: नवरात्रि के अवसर पर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को नौ सौगात दिए। खासकर किसानों के लिए सीएम ने बहुत कुछ दिया है। गोरखपुर के पिपराइच और बस्ती के मुंडेरवा में 540 करोड़ की लागत से नई चीनी मिल खोलने की घोषणा की तो वहीं प्रदेश के 86 लाख किसानों में से जिले के 77 हजार किसानों का कर्ज माफ किया। मंच से ही उन्होंने बाढ़ पीडि़तों को मुआवजा देने के साथ सूखे से प्रभावित किसानों को भी मुआवजा देने की भी घोषणा की। नवरात्र के पहले दिन गोरखपुर पहुंचे सीएम ने सभी को नवरात्रि के साथ विजयादशमी की बधाइयां दीं।

अक्टूबर में होगा शिलान्यास

गोरखपुर यूनिवर्सिटी में किसान ऋण मोचन योजना में किसानों को कर्जमाफी सर्टिफिकेट देने के लिए पहुंचे सीएम ने बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में हमेशा ही गन्ना किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता रहा है मगर सरकार उनके बारे में सोच रही है। किसान अपनी पैदावार बढ़ाएं, इसके लिए उन्हें नई चीनी मिलों की सौगात दी जा रही है। अक्टूबर के पहले हफ्ते में गोरखपुर के पिपराइच और बस्ती के मुंडेरवा में 540 करोड़ की लगात से नई चीनी मिलों का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे गन्ना किसानों को काफी राहत मिलेगी।

ये मिलीं सौगातें

- गोरखपुर के 77 हजार किसानों का ऋण माफ

- धान खरीद के लिए प्रदेश भर में खोले जाएंगे तीन हजार क्रय केंद्र

- किसानों को मूल्य समर्थन योजना में 1550 व 1590 के अलावा 15 रुपए प्रति क्विंटल एक्स्ट्रा का होगा पेमेंट

- पिपराइच और मुंडेरवा बाजार में 540 करोड़ की लागत से चीनी मिल

- बाढ़ पीडि़तों के साथ सूखे से प्रभावित होने वाले किसानों को मिलेगा मुआवजा

- रबी अभियान में प्रदेश में 44 लाख कुंतल बीज की व्यवस्था की गई।

- लगाए जाएंगे 10 हजार सोलर पम्प। 2 व 3 हॉर्स पावर पर 70 और 5 हॉर्स पावर पर मिलेगा 40 फीसद अनुदान

- तोरिया, राई, मसूर, चना का 3.50 लाख मिनी किट पूरे प्रदेश में फ्री ऑफ कॉस्ट दिया जाएगा।

- ड्रिप सिंचाई पर किसानों को 80 प्रतिशत मिलेगा अनुदान