- नमामि गंगे के तहत कराए जाएंगे आगरा में 857.26 करोड़ रुपये के काम

- सवा साल में गंगा हो जाएगी निर्मल

agra@inext.co.in
AGRA :
केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने एक बार फिर आगरा वासियों को बडे़ सपने दिखाए। वर्ष 2016 में दिल्ली से आगरा तक यमुना में जहाज चलाने का सपना दिखाया था, वह बेशक अभी तक पूरा न हुआ हो, लेकिन एक बार फिर उन्होंने बड़ा सपना दिखाया है। अब उन्होंने कहा कि हवा में बसें चलेंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आगरा तक एयरबोट से आएंगे और हवा में उड़ने वाली बस से ताज महल तक पहुंचेंगे। इससे प्रदूषण भी नहीं होगा। ये बात उन्होंने बुधवार को नमामि गंगे और अमृत योजनाओं सहित ब्रज में डेढ़ हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करते हुए कही।

सवा साल में यमुना हो जाएगी निर्मल
आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा पोत परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने कहा कि नमामि गंगे के तहत 26 हजार करोड़ रुपये से कार्य कराए जा रहे हैं। देशभर में 256 प्रोजेक्ट चल रहे हैं। जिनमें से 56 पूर्ण हो चुके हैं। यमुना समेत 40 नदियों को साफ करने के लिए सरकार काम कर रही है। यमुना में जलस्तर बढ़ाने के लिए छह बांध बनाए जाएंगे। इनके पूरा होने पर यमुना का जलस्तर 160 फीसद बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि आगरा में यमुना को स्वच्छ करने के लिए 857.26 करोड़ रुपये की लागत से नमामि गंगे योजना के तहत काम कराए जाएंगे। इसमें शहर को नौ सीवेज जोन में बांटा जाएगा। उन्होंने आगरा जलेसर राष्ट्रीय राजमार्ग के पहले चरण के काम का भी शिलान्यास किया। 36 किमी लम्बे इस राजमार्ग को 212 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सवा साल में यमुना की सफाई का काम पूरा कर उसका जल पीने योग्य बना लिया जाएगा। यमुना इतनी स्वच्छ होगी कि पानी गिलास में लेकर पिया जा सके।

चलेगी एयरबोट
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एयरबोट खरीद ली गई हैं। इसका फरवरी में दिल्ली से प्रयागराज तक ट्रायल किया जाएगा। यमुना में जलस्तर बढ़ने के बाद अगले वर्ष दिल्ली से आगरा तक एयरबोट शुरू की जाएगी।

मथुरा में मीथेन गैस से चलेंगी 200 बसें
इससे पहले वृंदावन में अक्षय पात्र में आयोजित कार्यक्रम में मथुरा के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी गडकरी ने किया। उन्होंने सीवरेज के पानी से तैयार मीथेन गैस से मथुरा में 200 बसें चलाने की घोषणा भी की।