- झारखंड में पार्टी को मजबूत बनाने व आगामी चुनावों पर चर्चा

- प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों की जवाबदेही तय

रांची : प्रदेश जदयू के 25 फरवरी को प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में लगभग 10 हजार सक्रिय कार्यकर्ता जुटेंगे। रांची के विधानसभा मैदान में होनेवाले इस सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शिरकत करेंगे। नीतीश लंबे समय के बाद झारखंड में पार्टी के किसी कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं, सो इसे सफल बनाने के लिए पार्टी कोई कोर-कसर छोड़ना नहीं चाहती।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

इसे लेकर शनिवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई, जिसमें इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों तथा जिलाध्यक्षों की जवाबदेही तय की गई। बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए प्रदेश प्रभारी रामसेवक सिंह, सह प्रभारी अरुण कुमार सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने संयुक्त रूप से कहा कि इस कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार के कई कैबिनेट मंत्री व विधायक भी शिरकत करेंगे। इस सम्मेलन में पार्टी को प्रदेश में मजबूत बनाने तथा आगामी लोकसभा व राज्यसभा चुनावों पर चर्चा होगी। यह सम्मेलन पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा तथा अपराह्न तीन बजे खत्म होगा। बैठक में पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, पूर्व विधायक खीरू महतो, प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता श्रवण कुमार, भगवान सिंह, संजय सहाय, जफर कमाल, कृष्णानंद मिश्रा आदि भी उपस्थित थे।

गठबंधन पर कोई चर्चा नहीं

प्रदेश प्रभारी रामसेवक सिंह ने कहा कि झारखंड में भाजपा के साथ गठबंधन पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। फिलहाल पार्टी लोकसभा की सभी चौदह तथा विधानसभा की 81 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी नगर निकायों के चुनाव में भी अपना प्रत्याशी देगी।

----------