- 23 को ही सुबह होगा होलिका दहन

- बुधवार को होली के चलते राजधानी के सभी मार्केट रहेंगे बंद

LUCKNOW: होली को लेकर अब कन्फ्यूज होने की जरूरत नहीं है। राजधानी में होली का रंग 23 मार्च को ही बिखरेगा। जबकि होलिका दहन 23 मार्च भोर में किया जाएगा। होली के चलते शहर के सभी मार्केट बुधवार को बंद रहेंगे। शराब की सभी दुकानें भी इस दिन बंद रहेंगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि राजधानी में 23 मार्च को ही होली खेली जाएगी। इसके अगले दिन भी लोग रंग खेल सकते हैं लेकिन मार्केट इस दिन सामान्य दिनों की तरह ही खुले रहेंगे।

आचार्य प्रवीण कुमार वाजपेयी ने बताया कि भद्रा होने पर कोई शुभ कार्य नहीं होता है। यह भद्रा राजधानी में 3.23 बजे खत्म होगी। उसके बाद होलिका दहन शुरू होगा। होलिका दहन के बाद लोग घरों से होलिका की पूजा के लिए जा सकते हैं। पूजा में गेहूं की बाली, ईख और अबीर-गुलाल के साथ पूजा करने के बाद रंग खेल सकेंगे।

राजधानी के विभिन्न इलाकों में भी 23 को होली खेलने की तैयारियां पूरी की जा चुकी है। कहीं फाग होगा तो कहीं पर होरियारों की टोली निकलेगी। चौक में होने वाली परम्परागत होली के लिए खास तैयारियां की गई है। होली के दिन यहां पर होरियारों के दो जुलूस निकाले जाएंगे। इसमें पहली बारात चौपटिया से निकाली जाएगी। चौपटियां से निकलने वाली यह बारात भोलानाथ कुंआ, अकबरी गेट, विक्टारिया स्ट्रीट, कमला नेहरू मार्ग, चौक चौराहा से कोणेश्वर होते हुए वापस चौपटियां में खत्म होगी। इस बारात में ढोल, मंजीरा बजाते और फाग गाते होरियारो की टोली सबसे आगे होगी। इसके अलावा इस बारात में ऊंट, घोड़े, डीजे और टैम्पों शामिल होंगे। शुभ संस्कार समिति के महामंत्री ऋद्धि गौढ़ ने बताया कि चौक चौराहे से दूसरी बारात भी निकलेगी जो गोल दरवाजें से होते हुए अकबरी गेट से होते हुए चौक चौराहे पहुंचेगी।

होली पर बिखरे कन्फ्यूजन को लेकर डीएम राजशेखर ने 23 और 24 मार्च दोनों ही दिन होली की छुट्टी घोषित कर दी है। उन्होंने होली के चलते 23 मार्च को शराब की दुकानें बंद रखने के आदेश दिए हैं जबकि इस दिन सभी इमरजेंसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि लोग 24 मार्च को भी होली खेल सकते हैं लेकिन इस दिन बाजार खुले रहेंगे। लखनऊ शराब व्यापारी एसोसिएशन के महामंत्री केएल मौर्या ने बताया कि पहले उन्हें 24 को ही दुकानें बंद करने का आदेश मिला था। लेकिन अब सभी दुकानें 23 को ही बंद रखे जाने के आदेश मिला है जबकि 24 मार्च को दुकानें खुली रहेंगी।