- जिला कारागार में डॉक्टर न होने से बढ़ गई परेशानी

- डॉक्टर का ट्रांसफर होने पर जेल अधीक्षक ने लिखा लेटर

- अस्थाई डॉक्टर से चल रहा कारागार हॉस्पिटल

आई एक्सक्लुसिव

Meerut गर्मियों के मौसम में बीमार होना आम बात है। इस मौसम में डॉक्टर्स के क्लीनिक और हॉस्पिटल मरीजों से भरे रहते हैं। ऐसे में अगर बीमार होने पर यदि कोई डॉक्टर न मिले तो क्या होगा? जिला कारागार में कुछ ऐसा ही चल रहा है। बीमार बंदियों को देखने के लिए हॉस्पिटल में कोई डॉक्टर नहीं है। डॉक्टर्स के दोनों ही पद रिक्त पड़े हैं। अस्थाई डॉक्टर के सहारे मरीजों का मर्ज देखा जा रहा है। ऐसे में जेल अधीक्षक ने सीएमओ को लेटर लिखकर समस्या से अवगत कराया है। वैसे सीएमओ ऑफिस का कहना है कि जेल को टैप्रेरी डॉक्टर दिया हुआ है। साथ ही रिक्त पदों की भर्ती शासन स्तर से की जाती है।

जेल में डॉक्टर्स के पद खाली

विभागीय जानकारी के अनुसार सात नवंबर को डॉ। सुरेंद्रपाल का ट्रांसफर माछरा कर दिया गया था। जिसके बाद जेल में डॉक्टर का पद पूरी तरह से खाली है। वहीं जेल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ। मुकेश कुमार सीएमओ के आदेशों के अंतर्गत वेटिंग में चल रहे हैं। जिसके कारण दोनों ही पद पूरी तरह से खाली हैं।

कई बार कह चुके हैं

विभागीय अधिकारियों के अनुसार दोनों पदों को भरने के लिए कई बार लेटर लिखा चुका है। क्योंकि जिला जेल काफी संवेदनशील है। रात के समय में कोई डॉक्टर न होने की स्थिति में किसी बीमार बंदी को प्राथमिक उपचार मिलना भी मुमकिन नहीं है। अगर निकट भविष्य में किसी बंदी के साथ को अप्रिय घटना हो जाती है, तो क्या होगा। गौरतलब है कि उमस भरी गर्मी के मौसम में किसी के भी बीमार होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। जेल में कोई डॉक्टर न होना काफी हानि कारक साबित हो सकता है।

अस्थाई डॉक्टर दिया हुआ है

इस बारे में जब सीएमओ ऑफिस से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमारी ओर से जेल को एक अस्थाई डॉक्टर दिया हुआ है। वहीं जेल में डॉक्टर अप्वाइंट करना शासन स्तर का काम है। ये सीएमओ लेवल पर मुमकिन नहीं है। किसी भी आकस्मिक घटना के होने पर डॉक्टर्स मौके पर पहुंचते हैं। वहीं जेल से जुड़े सूत्रों की मानें तो रात में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं रहता है। गौरतलब है कि जेल में लगभग 2600 बंदी निरुद्ध चल रहे हैं।

अभी डॉ। मुकेश कुमार को रिलीव नहीं किया है। अस्थाई व्यवस्था के चलते कारागार अस्पताल चल रहा है।

एसएचएम रिजवी, वरिष्ठ जेल अधीक्षक