कई जगहों पर पुलिस की ट्रक चालकों से हुई कहासुनी

पहले दिन ट्रैफिक पुलिस के नए रूट प्लान का दिखा असर

Meerut। जिले की सीमाओं पर भारी वाहनों की एंट्री रोकने में पुलिस के पसीने छूट गए। नो एंट्री के बावजूद भी कई भारी वाहनों ने अलग-अलग रास्तों से होते हुए शहर में प्रवेश कर लिया। इसके कारण शहर में कई चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्टाफ की कमी से पहले दिन कुछ अव्यवस्था रही। वहीं, कुछ स्थानों पर ट्रक चालकों की पुलिस से कहासुनी भी हो गई। लेकिन भारी वाहनों को सीमाओं पर रोक ि1दया गया।

भारी वाहनों की एंट्री रोकी

जाम से निपटने के लिए एसएसपी मंजिल सैनी ने बीते शुक्रवार को भारी वाहनों की नो-एंट्री का नया रूट चार्ज बनाया था। सोमवार को प्रशासन द्वारा इसे लागू कर दिया गया। शहर की सीमाओं पर बनी अस्थाई पुलिस चौकी पर बड़े वाहनों को रोका गया। इसके बाद भी कुछ ट्रक चालकों ने अन्य रास्तों से शहर में प्रवेश कर लिया। वहीं, सुबह से शाम तक सैंकड़ों वाहनों को बाईपास पर रोका गया, जिससे शहरवासियों को जाम से राहत मिली।

नो-एंट्री का समय

सुबह 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक

यहां रही-नो एंट्री

गढ़ रोड से आने वाले भारी वाहन किठौर, मवाना, मसूरी एंव दौराला होते हुए भेजे गए। पहले यह वाहन हापुड़ अड्डे से होकर भूमिया पुल तक आ जाते थे।

हापुड़ से आने वाले भारी वाहन खरखौदा होते हुए मोहिउद्दीनपुर से भेजे गए। पहले यह वाहन टीपी नगर मेट्रो प्लाजा तक आते थे।

एनएच-58 पर रूड़की से आने वाले भारी वाहन दौराला, मंसूरी एवं मवाना होते हुए रवाना किए गए। पहले यह वाहन बेगमपुल तक आते थे।

टीपी नगर से सभी वाहन एचआरएस चौक फुटबाल चौक बागपत रोड होते हुए एनएच-58 से भेजे गए।

जाम से छुटकारा

पहले दिन ही स्टेट हाइवे पर जाम नहीं मिला। इसके साथ दिल्ली रोड पर भी लोगों को जाम से राहत मिली। कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण जाम लगा रहा। भूमिया पुल, घंटाघर, हापुड़ अड्डे व अन्य चौराहों पर अतिक्रमण के कारण जाम से घिरे रहे। लेकिन बड़े वाहनों की एंट्री न होने से शहर में बड़े चौराहे को जाम से राहत मिली।

सोमवार से शहर में बड़े व भारी वाहनों की एंट्री रोकने का पूरा प्रयास किया गया। कई भारी वाहनों ने अन्य रास्तों से प्रवेश कर लिया था। उन्हें भी अन्य रास्तों से बाहर निकाला गया।

संजीव वाजपेई, एसपी ट्रैफिक

शहर में भारी वाहनों की रोक पर जाम से बहुत राहत मिली है। इससे एक्सीडेंट के आंकड़ों में भी कमी आएगी।

देवेंद्र धामा, एडवोकेट

अधिकतर बड़े वाहनों के कारण शहर में जाम लगता है। अब बड़े वाहनों की नो-एंट्री से जाम की समस्या समाप्त हो सकती है। इसके लिए पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ेगी।

कौसर नदीम, एडवोकेट

ट्रैफिक पुलिस का यह प्लान अच्छा है। अगर यह सही तरीके क्रियान्वित किया जाए तो शहर की जनता को जाम से निजात मिल सकती है।

डॉ। उषा सिंह, गायनोलॉजिस्ट

देखने में आया है कि बड़े वाहनों की एंट्री जाम का कारण है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब बड़े वाहनों की नो-एंट्री से जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।

विजय शर्मा, एडवोकेट