RANCHI: चिरौंदी स्थित साइंस सिटी में बने तारामंडल को शुरू हुए एक महीने से अधिक हो गया, लेकिन दर्शक नहीं पहुंच रहे हैं। जिस उद्देश्य से इसका निर्माण किया गया था, वह पूरा नहीं हो पा रहा है। काफी प्रचार-प्रसार के बाद इसकी शुरुआत चार अक्टूबर को खुद मुख्यमंत्री ने किया था। 27 करोड़ रुपए की लागत से बना यह राज्य का पहला तारामंडल है। पहले तो इसे शुरू होने में ही दो साल से अधिक समय लगा, अब जब शुरू हुआ तो देखने वाले नहीं पहुंच रहे हैं।

इंट्री फी भी है कम

तारामंडल देखने के लिए इंट्री फी भी कम ही रखा गया है। आम दिनों में इसके लिए व्यस्क लोगों के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपए टिकट रखा गया है। 12 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 30 रुपए इंट्री फी रखी गयी है। एक साथ 25 बच्चों के स्कूल के ग्रुप के लिए 29 रुपए प्रति टिकट रखा गया है। वर्तमान में तारामंडल में चार शो चल रहा है। दिन के 11 बजे से अलग-अलग चार शो दिखाये जा रहे हैं। प्रत्येक शो 20 से 30 मिनट का होता है।

27 करोड़ में बना है

दो फ रवरी 2014 को तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चिरौंदी में में तारामंडल का शिलान्यास किया था। इसके निर्माण पर करीब 27 करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं। एक एकड़ में फैले तारामंडल का निर्माण भारत सरकार की एजेंसी द्वारा किया गया है। इसका डिजाइन क्रिएटिव म्यूजियम ने तैयार किया है, जो केंद्र सरकार की नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम की इकाई है।

एक साथ दिखते हैं कई तारे

इस तारामंडल में 8500 तारे एक साथ दिखायी देते हैं। यह तारामंडल अपने आप में अनोखा है, क्योंकि यह खगोलीय शिक्षा के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन का केंद्र भी है। यहां कंप्यूटराइज्ड इफेक्ट के साथ लाइव सेटेलाइट का नजारा दिखाया जाता है। इसके अलावा बच्चे फि ल्मी अंदाज में एस्ट्रोनॉमी से संबंधित भी कई जानकारियां हासिल कर पायेंगे। 13 मीटर का डोम बनाया गया है। इसमें एक साथ 155 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। एस्ट्रोनॉमी गैलरी भी है।

यह खास है इस तारामंडल में

इस तारामंडल की कई खासियत है। इसमें एक एस्ट्रोनॉमी गैलरी है। इसमें एस्ट्रोनॉमी से संबंधित चीजें रखी गयी है। खगोल विज्ञान क्लब भी बनाया गया है। इसकी विशेषता है कि बच्चे ब्लैक होल के बारे में ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। इसमें खगोलीय घटनाएं भी दिखायी जाती हैं। बच्चे स्क्रीन पर तारे देख पायें, इसके लिए तारामंडल में हायर एएनएसआइ लूमन कैपेसिटी प्रोजेक्टर लगाया गया है।