उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र ने कुंभ के लिए बनाई योजना

कलाकारों को दिया जाएगा कलाकृति बनाने का अवसर

ALLAHABAD: यदि आपको बेहतरीन कलाकृति बनाने का हुनर आता है तो कुंभ मेला में आपकी कलाकृति हर कोई देख सकेगा। वह भी एक या दो एरिया में नहीं बल्कि शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर मेला क्षेत्र तक ऐसी कलाकृतियों की होर्डिग्स लगाई जाएंगी। इसके लिए उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र आपको कलाकारी का मौका देने जा रहा है। इसके जरिए कुंभ में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को शहर की कला व संस्कृति की विरासत से रूबरू कराया जाएगा।

दस-दस कलाकारों की बनेगी टीम

कुंभ मेला में शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन से लेकर मेला क्षेत्र के आसपास एरिया में वाल पेंटिंग के जरिए कलाकृतियों की बड़ी-बड़ी होर्डिग्स लगाई जाएंगी। इसके लिए सांस्कृतिक केन्द्र की ओर से दस-दस कलाकारों की टीम तैयार की जाएगी। इसमें एक वरिष्ठ कलाकार के साथ नौ नए कलाकारों को शामिल किया जाएगा। जो भी कलाकृतियां कलाकार बनाएंगे, उसमें कुंभ मेला के विहंगम दृश्यों के अलावा धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर पर केन्द्रित चित्र उकेरे जाएंगे।

वेस्ट मैटेरियल की कलाकृतियां

खास बात ये कि केन्द्र प्रशासन जिन कलाकारों को मौका देगा उनसे वेस्ट मैटेरियल के जरिए कलाकृतियां बनवाई जाएंगी। इसमे लोहा, लकड़ी व अनुपयोगी प्लास्टिक का इस्तेमाल कराया जाएगा। यही नहीं जिन चौराहों पर कलाकृतियों को लगाया जाएगा उसके बगल में एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। जहां से कोई भी पर्यटक कलाकृति के साथ खुद की तस्वीर ले सकेगा।

नवंबर से होने लगेगा एहसास

केन्द्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से सांस्कृतिक केन्द्र को नवम्बर तक कलाकृतियों को बनवाने का निर्देश दिया गया है। होर्डिग्स किन चौराहों पर किस साइज में लगेंगी, इसका निर्धारण केन्द्र प्रशासन जल्द ही कर लेगा।

कुंभ मेला में देश-दुनिया से हजारों पर्यटकों के आने की उम्मीद है। उनको अपने शहर की कला व संस्कृति से रूबरू कराने के लिए आकर्षक कलाकृतियां बनवाई जाएंगी। इसके लिए अनुभवी के साथ नए कलाकारों को मौका दिया जाएगा।

इंद्रजीत ग्रोवर, निदेशक, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र