-वायरल वीडियो मामले में पहलवान के घर छापेमारी

PATNA: दोनों हाथ में एके 47 लहराते वायरल हुए वीडियो के मामले में बाढ़ थाने की पुलिस ने शुक्रवार को विवेका पहलवान के लदमा स्थित घर पर छापेमारी की। पुलिस विवेका के भतीजे कर्मवीर की तलाश में पहुंची थी। लेकिन कर्मवीर पुलिस के हाथ नहीं आया। वहीं चंदन और विक्की के घर से भी पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।

विवेका के घर में बना था वीडियो

29 अगस्त को एक वीडियो वायरल हुआ था। बना हुआ वीडियो विवेका पहलवान के लदमा स्थित घर का कहा गया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर उसमें दिख रहे शख्स की शिनाख्त विवेका के भतीजे कर्मवीर, फुलेलपुर निवासी चंदन और विक्की के रुप में की। तीनों के खिलाफ पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार के बयान पर बाढ़ थाने में कांड संख्या-413/19 दर्ज किया था। वीडियो को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थकों का कहना था कि हाथ में एके 47 लिए दिख रहा शख्स चंदन और विक्की विवेका पहलवान के काफी करीबी हैं। कई आपराधिक मामलों में पूर्व में भी आरोपित रहे हैं। वीडियो में इन लोगों द्वारा यह भी कहा जा रहा था कि इसके अलावा दो और हथियार हैं। वहीं पुलिस इस वीडियो को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी में जुटी हुई है।