कैबिनेट ने दी सहमति, 15 अन्य प्रस्ताव भी हुए मंजूर

PATNA

: पटना का बेली रोड अब नेहरु पथ के नाम से जाना जाएगा। पहले इसका नाम जवाहर लाल नेहरू मार्ग किया गया था, लेकिन आम लोगों को बोलने में सहजता को लेकर इसे छोटा किया गया। बुधवार को देर शाम बिहार कैबिनेट की हुई बैठक में इसे मंजूरी मिली। इसके अलावा 15 अन्य प्रस्तावों पर कैबिनेट ने मुहर लगाई। पहले यह बैठक शाम 5 बजे होनेवाली थी। लेकिन बाद में इसका समय बढ़ा दिया गया। फिर बैठक शाम छह बजे शुरू हुई।

जल-जीवन-हरियाली पर खर्च होंगे 24524 करोड़ रुपये

दो अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले जल-जीवन-हरियाली मिशन पर राज्य सरकार अगले तीन वर्ष में 24524 करोड़ रुपये खर्च करेगी। मुख्यमंत्री के इस महत्वकांक्षी अभियान की प्राथमिकताओं एवं लक्ष्यों के निर्धारण, नियमित मॉनीट¨रग एवं अभियान को मिशन मोड में लागू करने के लिए जल-जीवन-हरियाली मिशन का गठन भी किया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद ग्रामीण विकास विभाग के सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि दो अक्टूबर को इस अभियान की शुरुआत खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। अभियान के संचालन के लिए जल-जीवन-हरियाली मिशन का गठन भी होगा। इस मिशन के कार्यपालक पदाधिकारी आइएएस सेवा का कोई अधिकारी होगा। इसमें सदस्य के रूप में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा नामित 15 और विधान परिषद के सभापति की ओर से मनोनीत 5 सदस्य होंगे। पर्यावरणीय मामलों के जानकार इसमें विशेषज्ञ सदस्य के रूप में रहेंगे। इसके अलावा राज्य और जिला स्तर पर राज्य परामर्शदातृ समिति भी बनेगी।

सरकार ने घोषित की अगले वर्ष की छुट्टियां

कैबिनेट की बैठक में बुधवार को अगले वर्ष की सरकारी छुट्टियों पर मुहर लगा दी गई। अगले साल राज्य सरकार के अधीन सभी कार्यालयों में निगोशिएबुल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के तहत कुल 22 दिनों की छुट्टी रहेगी। इनमें से चार छुटियां रविवार को पड़ रहीं हैं। साथ ही वार्षिक बैंक लेखाबंदी के लिए पहली अप्रैल, 2020 को अवकाश घोषित किया गया है।