i impact

- जीडीए लगाएगा 24 हजार पौधे तो जीएमसी 14 पार्को में कराएगा पौधरोपण

- पौधरोपण के लिए पब्लिक की भी मदद करेंगी यह संस्थाएं

GORAKHPUR: दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के कैंपेन 'ट्री ब्रेक' का असर दिखने लगा है। व‌र्ल्ड एनवायरनमेंटल डे से लगातार दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने शहर से खत्म होती हरियाली और इसके बुरे प्रभाव को बताती न्यूज पब्लिश की। अब नगर निगम और जीडीए ने इस हरियाली को बचाने की जिम्मेदारी ली है। जीडीए शहर में 31 लाख रुपए खर्च करके 24 हजार पौधे लगाने की योजना पर कार्य रहा है तो जीएमसी (गोरखपुर नगर निगम) ने शहर के 14 पार्क को हरा-भरा करने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर लिया है। नगर निगम ने तो शनिवार को अभियान चलाकर शहर के सात पार्क में सात माली की तैनाती भी कर दी है।

पब्लिक से भी अपील

पौधरोपण कार्यक्रम में जीडीए इस बार नया प्रयोग करने जा रहा है। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, रोड के किनारे लगे 50 प्रतिशत ही पौधे बच पाते हैं। इसलिए हम लोगों ने इस बार सोचा है कि अधिक से अधिक पौधों को बचाया जाए। करीब 80 प्रतिशत तक पौधे कपेड़ बन सकें इसके लिए हम लोगों ने तय किया है कि इस बार शहर के लोगों को भी इस योजना से जोड़ा जाए। यह पौधे मुख्य रूप से तारामंडल, ग्रीन लैंड, पार्क, घरों के सामने, ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी जैसे स्थानों पर लगाए जाएंगे। पेड़ की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगेगा। इसमें अगर कोई व्यक्ति अपने घर के सामने या कोई ग्रुप हाउसिंग वाले अपनी कॉलोनी में पेड़ लगाना चाह रहे हैं तो वह जीडीए से संपर्क कर सकते हैं। जीडीए वहां पर जाकर पेड़ लगाने के साथ ही साथ ट्री गार्ड भी लगाने का भी कार्य करेगा। हालांकि पब्लिक की डिमांड पर लगाए गए पेड़ों की सुरक्षा लोगों को ही करनी होगी।

सात पार्क में लगे 700 पौधे

नगर निगम शनिवार को शहर के सात पार्क में पौधरोपण का कार्य किया। इसके साथ ही शहर में नगर निगम द्वारा वृक्षारोपण का कार्य शुरू हो गया। नगर निगम पहले दिन सात अधिकारियों को मोहल्लों में जाकर पार्को में पौधरोपण का कार्य किया। शास्त्रीनगर में राजेश श्रीवास्तव के घर के सामने वृक्षारोपण का नेतृत्व कर रहे नगर निगम के लेखाधिकारी ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में सात हजार से अधिक पौधों को लगाने का कार्य करने जा रहा है। इसके कार्य शुरू कर दिया गया है।

पेड़ बचाने की कोशिश

नगर निगम और जीडीए इस योजना में पब्लिक को जोड़ना चाह रहा है। जीडीए के एक अधिकारी का कहना है कि तारामंडल एरिया में हम लोग ऐसे घर चिन्हित किए हैं, जिनके सामने पेड़ लगाने की जगह है। ऐसे लोगाें से संपर्क करके घर के सामने पेड़ लगाएंगे। इससे उनको पेड़ बचाने की जिम्मेदारी मानवीय स्वभाव के कारण आ जाएगी। नगर निगम भी इसी पैटर्न पर कार्य कर रहा है।

वर्जन

जीडीए ने पौधरोपण कार्य शुरू कर दिया है। जगह चिन्हित कर ली गई है। शहर में 24 हजार पेड़ लगाने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसमें पब्लिक से भी सहयोग लिया जाएगा।

संजय सिंह, चीफ इंजीनियर, जीडीए