RANCHI: रांची नगर निगम सिटी को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। एजेंसी को सफाई के लिए स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि एक हफ्ते के अंदर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर लें नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहे। ऐसे में अब सिटी को स्मार्ट बनाने के लिए रांची नगर निगम हैंगिंग डस्टबिन लगाने जा रहा है। जो देखने में पोस्ट बॉक्स की तरह होगा। इसमें कचरा डालते ही वह अपने आप लॉक हो जाएगा। इसके बाद डस्टबिन से लॉक खोलकर कलेक्टर कचरा ले जाएगा। जल्द ही सिटी के कई इलाकों में यह व्यवस्था देखने को मिलेगी। इसके लिए हैंगिंग डस्टबिन का आर्डर भी रांची नगर निगम ने कर दिया है।

क्यो उठाया ये कदम

राजधानी में रोड किनारे कचरे के लिए ट्विन बिन लगाए गए थे। ताकि किसी के यहां से कचरा कलेक्ट न हो सके तो लोग उसमें कचरा डाल देंगे। लोग ऐसा कर भी रहे थे। इस बीच कई जगहों से ट्विन बिन चोरी हो गए। इसके बाद ही रांची नगर निगम ने हैंगिंग डस्टबिन लगाने का निर्णय लिया है। जिसे दीवारों में फिक्स कर दिया जाएगा।

हैंगिंग डस्टबिन से रोड पर नहीं बिखरेगा कचरा

दीवारों में फिक्स हैंगिंग डस्टबिन पूरी तरह से कवर्ड होगा। जिसमें कचरा डालने पर ढक्कन खुलेगा और फिर अपने आप बंद हो जाएगा। जिससे कि स्ट्रीट डॉग्स भी डस्टबिन का कचरा नहीं बिखेर सकेंगे। इसका फायदा यह होगा कि बार-बार कचरा हटाने की समस्या खत्म हो जाएगी। वहीं कलेक्शन के लिए टीम आएगी और लॉक खोलकर कचरा ले जाएगी।

वर्जन

हैंगिंग डस्टबिन का कांसेप्ट राजधानी में नया होगा। इसे आसानी से दीवारों में फिक्स कर दिया जाएगा। यह देखने में बड़े पोस्ट बॉक्स की तरह होगा। जिसमें ऊपर से कचरा डाला जाएगा और नीचे से कचरा निकालने की व्यवस्था होगी। इससे डस्टबिन में भी कचरा सुरक्षित रहेगा।

संदीप कुमार

इंचार्ज, हेल्थ सेक्शन, आरएमसी