यह भी जानें

- 400 मीट्रिक टन कूड़ा डेली निकलता है शहर से

- तीन करोड़ का बजट है प्रस्तावित

- 50 रुपये शुल्क लोअर या मीडिल फैमिली से लिया जाएगा

- 100 रुपये शुल्क अपर फैमिली से लिया जाएगा

- 100 से 1000 रुपये कॉमर्शियल प्लेसेस से लिया जाएगा

--------

- तीन कंपनियों से हुआ नगर निगम का करार

- कार्ययोजना को कर लिया गया पूरा, तीन करोड़ का बजट प्रस्तावित

बरेली : लंबे समय से अधर में लटकी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। प्रक्रिया को शुरू करने के लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। थर्सडे को बैठक कर आला अफसरों और कर्मचारियों को प्रक्रिया को सही ढंग से अंजाम देने के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 15 दिसंबर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

तीन कंपनियों से हुआ करार

नगर निगम ने आयुषी हाइपेजन एंड केयर प्राईवेट लिमिटेड, पात्बा और आनंद नारायण एजेंसी से करार किया है। यह कंपनियां ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करेंगी। इसके लिए बोर्ड बैठक में प्रस्तावित तीन करोड़ रुपये का बजट लगाया जाएगा।

4 प्वाइंट्स पर होगा कलेक्शन

नई प्रक्रिया के तहत शहर के समस्त 80 वार्डो को चार जोन में बांटा गया है। हर जोन में 20 वार्ड को शामिल किया गया है। इसी के आधार पर हर जोन में एक कलेक्शन सेंटर बनेगा। जहां सभी घरों को कूड़ा एकत्र कर डंप किया जाएगा। यहां से कूड़ा कलेक्ट कर डंपिंग ग्राउंड तक ले जाया जाएगा।

नहीं हो पा रहा था कलेक्शन

वर्ष 2014 के अक्टूबर माह से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन प्रक्रिया की शुरूआत हुई, शुरू में पांच एजेंसियां प्रक्रिया में लगाई गई, लेकिन दो साल बाद नगर निगम ने इन कंपनियों से करार खत्म कर लिया। इसके बाद हरी-भरी संस्था को जिम्मेदारी दी गई लेकिन कार्य संतोषजनक नही हुआ तो कंपनी भाग गई। इसके बाद से ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम अधर में लटका था।

400 रिक्शा उठाएंगे कूड़ा

नगर निगम डेली शहर से 400 मीट्रिक टन कूड़ा उठाता है। इसके लिए 190 गाडि़यां और 400 रिक्शा लगाए जाएंगे, इन वाहनों से ही सुबह और शाम दोनों शिफ्टों में कूड़ा कलेक्ट किया जाएगा।

658 कबाड़ी भी करेंगे सहयोग

नगर निगम ने 108 कबाड़ी और 550 कूड़ा बीनने वालों को घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए हायर किया है। बीते नवंबर को निगम ने कबाडि़यों के साथ गांधी उद्यान में मीटिंग भी की थी।

15 दिसंबर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन किया जाएगा, इसके लिए तीन कंपनियों से करार किया गया है। तीन करोड़ का बजट प्रक्रिया के लिए बोर्ड बैठक में स्वीकृत किया गया है।

संजीव प्रधान, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।