- 469.47 लाख की लागत से बनेंगे टॉयलेट

- 221 सीटों वाले सुलभ कॉम्प्लेक्स बनेंगे

- 26 स्थानों पर मिली विभागों को एनओसी

LUCKNOW: शहर के सभी मुख्य मार्ग पर पब्लिक टायलेट की सुविधा होगी। पेट्रोल पंप पर महिला, बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए खासतौर पर सुलभ व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा। कुल प्रस्तावित स्थानों में से 26 स्थानों पर सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाने की एनओसी विभागों को मिल गई है। डीएम ने पीडब्लूडी, एलडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने पब्लिक की सुविधा के लिए टायलेट निर्माण के प्रोजेक्ट में देरी ना करने का निर्देश दिए।

बजट रिलीज करने के दिए निर्देश

बैठक में अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी आरडी वर्मा ने बताया कि पहले चरण में 26 स्थानों पर कुल 211 सीट सुलभ काम्पलेक्स के निर्माण का प्रस्तावित था। इनकी कुल लागत 469.47 लाख आ रही है। इनमें से 9 स्थानों को एनओसी मिल गई है। इसके लिए 167.27 लाख रुपये का प्रस्ताव लंबित है। डीएम ने सचिव एलडीए से फोन पर निर्देश दिया कि बजट अवस्थापना मद से जल्द से जल्द दिया जाए।

एनओसी अस्वीकार की तो कारण बताएं

अधिशासी अभियंता एलडीए ने बताया कि 17 स्थानों 133 सीट क्षमता वाले पब्लिक टायलेट के निर्माण के लिए पीडब्लूडी ने तीन स्थानों पर 24 सीट क्षमता की एनओसी दे दी है। एक जगह पर पांच सीट क्षमता के पब्लिक टायलेट के निर्माण के लिए एनओसी अस्वीकार कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया है कि एनओसी अस्वीकार होने की दशा में उसका कारण बताते हुए उसे निरस्त करने की कार्रवाई करें।

बुजुर्ग और दिव्यांगों को खास सुविधा

एडीएम आपूर्ति को निर्देश दिया गया कि सभी पेट्रोल पंप पर उपलब्ध पब्लिक टायलेट की समुचित साफ-सफाई की व्यवस्था को चेक किया जाए। महिला बुजुर्ग, दिव्यांग के लिए व्यवस्था सुलभ होनी चाहिए। पब्लिक टॉयलेट को निर्देशित बोर्ड हर पेट्रोल पंप पर एक सप्ताह के अंदर लगाए। एडीएम आपूर्ति सभी पेट्रोल पंपों की रिपोर्ट एक सप्ताह में डीएम को सौंपेंगे। पेट्रोल पंप सुविधा उपलब्ध नहीं कराता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।