अब घर बैठे आप कर सकते है साइबर क्राइम की शिकायत

गृह मंत्रालय के पोर्टल पर 24 घंटे की जा सकती है शिकायत

जागरूकता के लिए लोगों के मोबाइल पर भेजा जा रहा है लिंक

Meerut। देश में डिजिटलीकरण के बाद साइबर क्राइम की शिकायतों में इजाफा हो गया है। आए दिन ऑनलाइन फ्रॉड के मामले सामने आ रहे हैं। इसको लेकर एक नई योजना शुरू की गई है। इसके तहत साइबर क्राइम की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अब थानों और साइबर सेल के ऑफिस में चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। कोई भी पीडि़त घर बैठे अपने मोबाइल या कम्प्यूटर से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेगा।

शुरू हो गई व्यवस्था

इसके तहत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिग पोर्टल (एनसीआरपी) की सेवाएं शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था के तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों को लॉगिन आईडी दे दी गई है। अब आपकी शिकायत सीधे साइबर एक्सपर्ट के पास पहुंच जाएगी.जिसके बाद कार्रवाई की जा सकती है।

घर बैठे मिलेगी सुविधा

इस पोर्टल के लिए एसपी क्राइम राम अर्ज को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। राज्य में पोर्टल के नोडल अधिकारी पुलिस महानिदेशक होंगे। इस सेवा के शुरू होने से एक तरफ पीडि़तों को सुविधा हो जाएगी, वहीं सभी थाना प्रभारियों के साथ साइबर एक्सपर्ट की भी जिम्मेदारी तय कर दी गई है, जिस पर वह शिकायत का समाधान कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

ऐसे कर सकते हैं शिकायत

नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिग पोर्टल पर सबसे पहले जाना होगा।

इसके बाद इस पोर्टल पर आपके सामने दो विकल्प मिलेंगे।

पहले विकल्प में साइबर क्राइम की जानकारी दी गई है।

वहीं दूसरे विकल्प पर क्लिक करते ही एक नया विंडो खुलेगा।

क्लिक करने पर पहला विकल्प महिला अपराध और दूसरा विकल्प साइबर क्राइम का होगा।

दूसरा विकल्प अन्य प्रकार के साइबर क्राइम के लिए है।

इस विकल्प पर आप साइबर क्राइम से जुड़ी शिकायत कर सकते हैं।

सिर्फ ये थी सुविधा

इस पोर्टल पर अभी तक केवल महिलाओं या बच्चों से संबंधित साइबर अपराध के मामलों को ही दर्ज किया जाता था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की पहल पर इस पोर्टल को न केवल लोकप्रिय बनाने के दिशा में काम हो रहा है। अब कोई शिकायत लेकर थाने जाता है तो पहले पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी जाएगी।

मोबाइल पर भेजे रहे लिंक

इस पोर्टल के लिए जागरूकता बढ़ाने के लिए आम लोगों के मोबाइल फोन पर लिंक भेजा जा रहा है। पोर्टल का प्रचार-प्रसार करने के लिए एसएमएस के जरिए लिंक भेजा जा रहा है। लिंक पर क्लिक करके ही पोर्टल में किस तरह से शिकायत करनी है वह सब ऑप्शन आ रहे है। अब एक क्लिक पर आप शिकायत दर्ज कर सकते है।

मेरठ में शुरू हो गई शिकायत आना

मेरठ में इस पोर्टल के तहत शिकायत आनी शुरू हो गई है। जिस पर साइबर एक्सपर्ट ने संज्ञान लिया है। अभी तक 80 के करीब पोर्टल पर शिकायतें आई है। जिस पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है।

साइबर क्राइम के पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते है। उस पर साइबर एक्सपर्ट की ओर से एक्शन लिया जा रहा है। घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है।

रामअर्ज, एसपी क्राइम