- ताज परिसर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किए तीन एमओयू साइन

- अप्रवासी सम्मेलन को बताया सफल, उम्मीद से अधिक पहुंचे एनआरआई

आगरा। तीन दिवसीय अप्रवासी भारतीय सम्मेलन के दूसरे दिन मंगलवार सुबह सीएम अप्रवासियों के साथ ताज का दीदार करने पहुंचे। ताज परिसर में ही तीन एमओयू साइन किए। यहां से वे ताज नेचर वॉक पहुंचे। यहां चार योजनाओं का शिलान्यास किया।

काफी उत्साहित दिखे मुख्यमंत्री

होटल आईटीसी मुगल में अप्रवासी भारतीय सम्मेलन के सफल आयोजन से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बेहद खुश थे। ताज नेचर वॉक में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उम्मीद से ज्यादा अप्रवासी आए हैं, रजिस्ट्रेशन रोकने पडे़। टूरिस्ट और रोजगार बढ़ाए जाने के लिए हम काम कर रहे हैं। शहर और गांवों की कनेक्टिविटी के जरिए दोनों के बीच संतुलन बनाए जाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने मंच से प्रमुख सचिव आलोक रंजन के अलावा अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

खुशहाली लाएगा ये सम्मेलन

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह सम्मेलन प्रदेश के लिए काफी सुखद भरा आयोजन साबित होगा। भविष्य में युवाओं को रोजगार के साधन मिलेंगे। निवेश होगा, तो प्रदेश में खुशहाली आएगी। इस मौके पर प्रदेश में संचालित योजनाओं और परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिस गति से प्रदेश में कार्य हो रहे हैं, उस गति से अन्य प्रदेशों में नहीं हो रहे हैं। जितना हमारे प्रदेश में दूध का उत्पादन है, उतना अन्य प्रदेशों में नहीं है। मंडियों का बढ़ावा दिया गया है। सिंचाई को फ्री कर दिया गया है। हमने पुलिस भर्ती में लिखित परीक्षा खत्म कर दी है। प्रत्येक विभाग में भर्तियां निकालीं जा रही हैं।

इन प्रोजेक्ट का किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ताज नेचर वॉक पर मुगल म्यूजियम ईस्टर्न गेट ताजमहल, ताज ओरिएंटेशन सेंटर, कैफे स्ट्रीट आगरा, आगरा हेरिटेज सेंटर का शिलान्यास किया।

जब 'अकेले' ताज पहुंचे सीएम

मोहब्बत की निशानी ताज का दीदार करने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अकेले पहुंचे, तो चर्चा ने जोर पकड़ लिया। वैसे तो अप्रवासी अतिथियों के साथ पूरा अमला था, लेकिन जो नहीं था वो थीं सीएम की सांसद पत्नी डिंपल यादव। इसके पीछे प्रमुख वजह सीएम के साथ भीड़ को माना जा रहा था। भीड़भाड़ से बचने के लिए सांसद डिंपल यादव ने डीआईजी लक्ष्मी सिंह के साथ ताज निहारा।