स्कूल टाइम से बने हुए हैं प्रेम संबंध

कई बार नौकरी छुड़वा चुका है

आगरा। थाना शाहगंज एरिया में रहने वाली नर्सिग की छात्रा अपने प्रेमी से परेशान है। बार-बार शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया लेकिन जब शादी की बात की तो उसने इनकार कर दिया। छात्रा अपने परिवार में अकेली कमाने वाली है। पीडि़ता ने एसपी सिटी से मदद की गुहार लगाई है। छात्रा का कहना था कि या तो वह उससे शादी करें नहीं तो वह उसे सजा दिलाकर रहेगी।

स्कूल टाइम से हो गए संबंध

शाहगंज निवासी 20 वर्षीय लड़की के पिता की आठ-नौ साल पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उसकी मां ने जैसे तैसे उसका पालन पोषण किया। उसके स्कूल टाइम पर बोदला निवासी एक लड़के से उसकी मुलाकात हुई दोनों में नजदीकियां बढ़ गई। लड़के ने उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। उसका शारीरिक शोषण किया।

कई बार नौकरी छुड़वा दी

छात्रा ने अपनी मेहनत पर मुकाम हासिल किया। वह एक हॉस्पीटल में नर्सिग की ट्रेनिंग कर रही है। उसने बताया कि इससे पूर्व वह जिस हॉस्पीटल में थी वहां पर प्रेमी ने नशे में आकर हंगामा किया तो उसे वहां से निकाल दिया गया। इसी तरह से वह दो-तीन बार उसकी नौकरी छुड़वा चुका है।

पीडि़ता के साथ की मारपीट

पीडि़ता के मुताबिक उसने छह महीने में शादी करने का एग्रीमेंट भी बनवा लिया। 17 मार्च को उसने घर पर बुलाया। वहां पर उसकी मां व उसने बुरी तरह से मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद घर से भगा दिया लेकिन बाद में उसने फोन कर फिर से घर पर बुला लिया। वहां पर बंधक बना लिया। दूसरे दिन मां को शक हुआ तो उसने लड़के को फोन किया। इस पर उसने शादी का आश्वासन दिया और भेज दिया।

एसपी सिटी से लगाई गुहार

छात्रा का कहना है कि प्रेमी को लेकर वह संशय में है। वह उससे शादी की बात करता है और नशे की हालत में मना कर देता है। उसका नाम खराब हो चुका है। वह प्रेमी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराना चाहती है। एसपी सिटी ने मामले ने मामले की छानबीन के आदेश दिए हैं।