JAMSHEDPUR: जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक व्यक्ति ने ओएलएक्स पर एक बच्चे की तस्वीर डाली है। व्यक्ति ने बच्चे को बेचने के लिए अपना मोबाइल नंबर भी दिया है। ओएलएक्स पर इस तरह की पहली घटना देखकर शहर के वस्तु विहार निवासी कांति पटेल ने जब ओएलएक्स पर विज्ञापन देखा तो उन्होंने इसकी सूचना साइबर थाने को दी। साइबर थाना ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कांति पटेल ने बताया कि ओएलएक्स में बेचने वाले का नाम अजीत राज लिखा हुआ है। संपर्क करने के लिए फोन नंबर भी दिया है। फोन नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले ने विज्ञापन डालने की बात स्वीकारी और कहा कि उसे बच्चा बेचना है। उसने खुद को कभी उलीडीह के शंकोसाई तो कभी टंडवा का निवासी बताया। वह बच्चे की कीमत कभी एक लाख, कभी पांच लाख और कभी एक करोड़ रुपए मांग रहा है।

जानकारी नहीं दे रहा अजीत राज

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के रिपोर्टर ने जब इस नंबर पर बात किया तो युवक ने अपना नाम राज और टंडवा (झारखंड) का निवासी बताया। बच्चा बेचने की बात पर उसने यह पोस्ट डालने की बात स्वीकारी और बच्चे का दाम एक करोड़ बताया। अनेक नंबरों से फोन करने पर वह सबसे अलग-अलग रेट मांग रहा है। ओएलएक्स पर बच्चा बेचने की शिकायत के बाद भी देर रात तक पुलिस बच्चा बेचने वाले व्यक्ति का नाम और पता की जानकारी हासिल नहीं कर सकी थी।

बीमारी को बताया कारण

अजीत से दोबारा संपर्क करने पर उसने बताया कि बच्चा 10 दिन का है। बच्चा बेचने की बात स्वीकार करते हुए उसने कहा कि बच्चा बीमार है। उसे रांची में दिखाया था। उसे गंभीर बीमारी है। उसकी बीमारी ठीक करने को डॉक्टर पांच लाख रुपये मांग रहे हैं। उसके पास इतने पैसे नहीं हैं। इस वजह से वह बच्चा बेच रहा है, ताकि अगर कोई उसे खरीद ले और उसका इलाज करा ले। ऐसे में शायद उसके बच्चे की जान बच जाएगी। रात साढ़े दस बजे जब इसी नंबर पर बात की गई तो युवक बोला कि अब रात हो गई सुबह बात करेंगे। युवक ने कहा कि रात में ही बच्चा खरीदेंगे क्या। इसके बाद उसने फोन काट दिया।

साइबर थाने में शिकायत की जानकारी मिली है। युवक के नंबर को ट्रेस कर पता लगाया जाएगा। इसके बाद मामले की पूरी जानकारी हो पाएगी। अगर वह आरोपी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-अनूप बिरथरे, एसएसपी, पूर्वी सिंहभूम