मुंबई (पीटीआई / एएनआई)। Omicron In India : भारत में कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र के मुंबई में सोमवार को ओमिक्रोन के दो और मामले सामने आए हैं। इस तरह से महाराष्ट्र में कोविड ​​​​-19 के इस नए वेरिएंट केसेज की कुल संख्या 10 हो गई है और पूरे देश में इस वेरिएंट की चपेट में आए लोगों की संख्या 23 हो गई है। दक्षिण अफ्रीका से मुंबई पहुंचे एक 37 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 36 वर्षीय महिला मित्र, जो संयुक्त राज्य अमेरिका से शहर में आई थी, दोनों की ओमिक्रोन रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, दोनों रोगियों में कोई लक्षण नहीं दिखे और उन्हें फाइजर की कोविड-19 वैक्सीन लगाई गई थी। सरकार ने कहा कि ट्रैकिंग और ट्रेसिंग काफी तेजी से की जा रही है।

कोरोना वायरस की तीसरी लहर फरवरी तक चरम पर पहुंच सकती है

वहीं देश में कोरोना के इस नए वेरिएंट की दस्तक को कोविड की तीसरी लहर माना जा रहा है। कोविड-19 के गणितीय अनुमान में शामिल आईआईटी के वैज्ञानिक मनिंद्र अग्रवाल का ओमिक्रोन के रूप में कोरोना वायरस की तीसरी लहर फरवरी तक चरम पर पहुंच सकती है। इस दाैरान देश में एक दिन में नए मामलों की संख्या 1-1.5 लाख तक पहुंचने की संभावना है लेकिन यह दूसरी लहर की तुलना में हल्का होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में उन मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है जहां इस प्रकार के कई मामले दर्ज किए गए हैं। अभी तक दक्षिण अफ्रीका में अस्पताल में भर्ती होने की संख्या में वृद्धि नहीं हुई है।

लाॅकडाउन आदि से कोविड मामलाें की पीक वैल्यू में काफी कमी आएगी

वैज्ञानिक मनिंद्र अग्रवाल ने यह भी कहा कि जैसा कि डेल्टा के प्रसार के दौरान देखा गया है, एक हल्का लॉकडाउन (रात का कर्फ्यू, भीड़ पर प्रतिबंध) वायरस को फैलने में काफी हद तक कम कर सकता है। उन्होंने कहा कि इससे पीक वैल्यू में काफी कमी आएगी। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) समर्थित सूत्र-मॉडल ने पहले कहा था कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर अक्टूबर तक देश में दस्तक दे सकती है। हालांकि, नवंबर अंत तक कोई नया वेरिएंट नहीं था। 26 नवंबर को, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दक्षिण अफ्रीका और कुछ अन्य देशों में पाए गए कोविड -19 वायरस के नए वेरिएंट केा ओमिक्रोन नाम दिया।

National News inextlive from India News Desk