कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। क्रिकेटर विराट कोहली ने आज ही के दिन 2008 में इंटरनेशनल मैच में डेब्यू किया था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वन डे मैच से शुरुआत की थी। विराट ने दिल्ली के अपने साथी गौतम गंभीर के साथ श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी की शुरुआत की और सिर्फ 12 रन बना सके। अपने पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। एक ऐसा शख्स जो अपने डेब्यू मैच में 33 मिनट भी क्रीज पर नहीं टिक सका। कुछ पलों के लिए लोग कोहली से मायूस से हो गए। शायद तब दुनिया ने नहीं सोचा था कि वो भविष्य में इस गेम पर राज करेंगे व दुनिया के सारे बड़े रिकॉर्ड तोड़ेंगे। विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल भारतीय कप्तान भी हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 68 में से 40 मैच जीते। 11 मैच ड्रा रहे।

कोहली का अंतरराष्ट्रीय करियर

2008 में वनडे डेब्यू करने वाले विराट कोहली ने इस प्रारूप में 275 मैचों में 12898 रन बनाए हैं। इसमें 46 शतक और 65 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने अपने वनडे डेब्यू के 2 साल बाद 2010 में टी20 डेब्यू किया। उन्होंने 115 टी20 मैचों में 1 शतक और 37 अर्धशतक समेत कुल 4008 रन बनाए। दूसरी ओर, 2011 में टेस्ट डेब्यू करने वाले कोहली ने इस प्रारूप में 29 शतक और अर्धशतक के साथ कुल 8676 रन बनाए। उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हुए 15 साल हो गए हैं। उन्होंने 15 साल और 5475 दिनों में कई उपलब्धियां हासिल की।

वनडे में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज

2008 में विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। विराट कोहली 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। इस दाैरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। वह 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में टीम इंडिया की ओर से 43 रन का हाइएस्ट स्कोर बनाया था। 2013 में विराट कोहली पहली बार वनडे में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने। वह 2018 में टेस्ट में नंबर वन रहे थे। वह तीनों फॉर्मेट में नंबर वन रहने वाले एकमात्र भारतीय क्रिकेटर हैं।

विराट कोहली टेस्ट टीम में शामिल हुए

2014 में एमएस धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली टेस्ट टीम में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाया। कोहली टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कप्तान के रूप में पहली तीन पारियों में तीन शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 4008 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह वनडे में सबसे तेज 10,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने 213 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। वहीं 2018 में विराट कोहली को देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार खेल रत्न पुरस्कार मिला।

ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती

2018-2019 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती। विराट ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज़ जीतने वाले पहले भारतीय और पहले एशियाई कप्तान बने। टेस्ट के बाद उन्होंने टी20 और वनडे टीम की भी कप्तानी की। 2019 में उनके नेतृत्व में टीम इंडिया वर्ल्ड कप में उतरी। 2020 में ICC ने उन्हें दशक का सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर चुना।

सचिन, द्रविड़ व धोनी को कोहली ने छोड़ा पीछे

विराट को दशक का सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर भी चुना गया। सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और एमएस धोनी के बाद विराट कोहली 500 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए। वहीं कोहली सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे स्थान पर हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 76 शतक बनाए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 7 दोहरे शतक लगाने वाले एकमात्र भारतीय बने।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk