फिरोजाबाद। शादी समारोह में दों युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। इलाज के लिए दोनों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे की हालत गम्भीर बनी हुई है। शादी समारोह में मौजूद लोगों का कहना है कि पंडाल के पीछे से गोली चली थी। बताया जा रहा है कि जिस समय गोली चली उस वक्त डीजे बज रहा था।

मातम में तब्दील हुई शादी की खुशियां

थाना जसराना के गांव नगला बाले में वीरपाल की बेटी निशा की शादी थाना एका के गांव पैढ़त निवासी पंकज पुत्र अवधेश से हो रही थी। शादी की रस्में खुशी के माहौल में पूरी की जा रही थी। देर रात डीजे पर डांस के दौरान कुछ युवक हर्ष फायरिंग करने लगे। तभी गोली जीतू पुत्र रामवीर निवासी नगला सुखी मुस्तफाबाद, अंकित को गोली लग गई। दोनों के गर्दन में गोली लगने से वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। अचानक हुई घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस को सूचना देकर दोनों घायल युवकों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां जीतू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकित गंभीर है। उसे देर रात गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर एसपी देहात राजेश कुमार, थाना प्रभारी गिरीशचन्द्र गौतम पहुचकर जांच करने में जुट गए। एसपी देहात ने बताया है कि घटना की जानकारी मिली है। दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भी भेजा गया, लेकिन एक की मौत हो गई। दूसरे का इलाज चल रहा है। हर्ष फायरिंग की बात सामने आ रही है। मृतक के पिता रामवीर सिंह पुत्र होरीलाल निबासी नगला सुखी थाना जसराना ने धीरा पुत्र बिजेंद्र सिंह और दीपक पुत्र जयराम निबासी दारापुर रसेनी थाना जसराना के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। पुलिस जंाच में जुट गई है।

डीजे की आवाज में दब गई गोली की आवाज

ग्रामीणों का कहना है कि जब गोलियां चलीं उस समय डीजे तेज आवाज में बज रहा था। कुछ युवक हर्ष फायरिंग भी कर रहे थे। इसी दौरान घटना हुई। जब युवक लहूलुहान होकर गिरे तब घटना का अंदाजा हुआ। लोग घायल युवकों को लेकर इलाज के लिए भागे, लेकिन एक युवक ने दम तोड़ दिया।