आगरा। कारखाने से काम कर बाइक से लौट रहे मजदूरों को रोडवेज बस ने चपेट में ले लिया। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर जाम शांत कराया।

नगला महाराम, खंदौली निवासीगण छीतर सिंह (35) और वीरू दोनों फाउंड्रीनगर स्थित ढलाई कारखाने में मजदूर थे। शनिवार की रात नौ बजे दोनों कारखाने से बाइक से घर लोट रहे थे। आगरा-अलीगढ़ हाईवे स्थित पोइया गांव के समीप पहुंचते ही पीछे से तेज गति से आई रोडवेज बस ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में छीतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीरू घायल हो गया। छीतर की मौत की खबर सुनते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के मुताबिक घायल वीरू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद चालक बस छोड़ मौके से भाग निकला। बस पीतल नगरी डिपो की है।