मुंबई (एएनआई)। मुंबई में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के करीब अंधेरी गुंदावली बस स्टॉप पर एक तेज रफ्तार क्रेन अनियंत्रित होकर मेट्रो के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोर थी कि क्रेन दो हिस्सों में बंट गई है। ऐसे में बस स्टॉप पर खड़ी एक महिला क्रेन के पिछले पहिए के नीचे दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास में माैजूद दो और लोग भी घायल हो गए और उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


उपचार के लिए निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक महिला को काफी मशक्कत के बाद क्रेन के ​पहिए से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं घायलों को उपचार के लिए निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। क्रेन को जोगेश्वरी से बांद्रा लाया जा रहा था। क्रेन का चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। मुंबई मेट्रो लाइन-7 का निर्माण हो रहा है।

National News inextlive from India News Desk