नई दिल्ली (पीटीआई)। सूडान से वायु सेना के विमान में 392 लोगों को नई दिल्ली लाया गया। वहीं 362 को बेंगलुरु पहुंचाया गया। सरकार के मुताबिक, सूडान से अब तक 1,360 नागरिकों को भारत लाया जा चुका है। सभी को सऊदी अरब के जेद्दा के रास्ते भारत लाया जा रहा है। भारत ने यहां से निकलने के लिए ट्रांजिट कैंप बनाया है।

पैसेंजर्स की सहुलियत के लिए राज्य ने भेजे प्रोटोकाॅल अधिकारी

360 लोग बुधवार को पहली बार सूडान से नई दिल्ली लाए गए थे। दूसरी बार 246 लोगों को बृहस्पतिवार को मुंबई लाया गया था। शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे पैसेंजर्स की खुशी साफ दिख रही थी। कुछ राज्यों ने अपने प्रोटोकाॅल अधिकारियों को यात्रियों की वापसी के लिए तैनात किया था। इन पर पैसेंजर्स को सही-सलामत अपने घर पहुंचाने की जिम्मेदारी थी।

वायुसेना के विमान से ला रहे भारत

वहां से उन्हें भारतीय वायु सेना के परिवहन विमानों और नौसेना के जहाजों में जेद्दा ले जाया जा रहा है। जेद्दा से इन लोगों को वायु सेना के विमानों या व्यावसायिक उड़ानों के जरिये स्वदेश लाया जा रहा है। भारत ने जेद्दा और पोर्ट सूडान में अलग-अलग कंट्रोल रूम स्थापित किया है।

फ्रांसीसी राजदूत ने दिया धन्यवाद

भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन ने शुक्रवार को सूडान की राजधानी खारतूम से फ्रांसीसी दूतावास की एक कर्मचारी और उनके परिवार को निकालने के लिए भारत को धन्यवाद दिया। लेनैन ने कहा कि खारतूम स्थित फ्रांसीसी दूतावास की कर्मचारी और उनके परिवार को बाहर निकालना भारत-फ्रांस की एकजुटता को दिखाता है।

International News inextlive from World News Desk