-इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए दोपहर दो बजे तक नामांकन करने का दिया गया मौका

ALLAHABAD: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व महामंत्री सहित अन्य पदों के लिए बुधवार को नामांकन किया जाएगा। प्रत्याशियों को केपीयूसी हॉस्टल के सामने मेन गेट से एंट्री दी जाएगी। एक प्रत्याशी के साथ उनके दो प्रस्तावकों के अलावा किसी का भी परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह जानकारी मंगलवार को छात्रसंघ भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव अधिकारी प्रो। आरके उपाध्याय ने दी। प्रो। उपाध्याय ने दो टूक कहा कि नामांकन प्रक्रिया सुबह नौ बजे से शुरू होकर दोपहर दो बजे तक चलेगी। दोपहर दो बजे के बाद किसी भी प्रत्याशी को नामांकन की इजाजत नहीं दी जाएगी।

वेबसाइट पर मिलेगी सारी जानकारी

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रसंघ चुनाव से संबंधित सभी तरह की जानकारियों के लिए वेबसाइट www.ausuelection2018.in बनाई है। चुनाव अधिकारी प्रो। उपाध्याय ने बताया कि वेबसाइट पर दिन-प्रतिदिन की जानकारियां अपलोड की जाएंगी। ताकि किसी भी प्रकार की धांधली की आशंका को समाप्त किया जा सके। प्रो। उपाध्याय ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान ही एक-एक स्लिप दी गई है, जिससे प्रत्याशियों को मालूम हो कि नामांकन के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज लाना है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करते समय जिन प्रत्याशियों के दस्तावेज अधूरे होंगे उनके चुनाव प्रत्यावेदन अंतिम रूप से अस्वीकार कर दिए जाएंगे।

अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा दावेदार

छात्रसंघ चुनाव के लिए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए चल रही नामांकन पत्रों की बिक्री का दौर मंगलवार को समाप्त हो गया। दो दिनों में कुल 185 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्रों की खरीदारी की उसमें से सबसे ज्यादा अध्यक्ष पद के लिए 41 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा है।

इविवि : किस पद के लिए कितनी हुई बिक्री

अध्यक्ष : 41

उपाध्यक्ष : 32

महामंत्री : 28

संयुक्त सचिव : सात

सांस्कृतिक सचिव : 16

कला संकाय प्रतिनिधि : 34

विज्ञान संकाय प्रतिनिधि : 27