- विपक्ष को देश की जनता नहीं करेगी कभी माफ

- सरकार की उपलब्धियां गिनाई, हर गरीब तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

आगरा। जम्मू-कश्मीर शांत है। वहां के हालातों की विपक्ष चिंता छोड़ दे। यह विषय उनकी चिंता का नहीं है। उन्हें गर्व महसूस करते हुए सरकार के साथ आना चाहिए। नहीं तो देश की जनता उन्हें बिल्कुल भी माफ नहीं करेगी। यह बातें बुधवार को सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा ने कही। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नया एक्ट किसी को कानून व्यवस्था और शांतिभंग की अनुमति नहीं देता है।

बयान को तोड़मरोड़ कर किया पेश

फारुख अब्दुल्ला की गिरफ्तारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि नया एक्ट किसी को भी कानून व्यवस्था और शांतिभंग करने की अनुमति नहीं देता। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की उत्तर भारतीयों पर टिप्पणी पर डा। शर्मा ने कहा कि उनके बयान को तोड़मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। उत्तर भारतीयों में असीम क्षमता है। विदेश में भी उत्तर भारत और उत्तर प्रदेश के लोगों ने मान-सम्मान हासिल किया है।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सड़कों का जाल बिछाया गया है तो गरीब, निराश्रितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। कुछ विकास कार्य प्रक्रियाओं में फंसे हैं, लेकिन जल्द ही पूरे होंगे। सड़कों पर गड्ढों के सवाल पर कहा कि बरसात बाद बड़े स्तर पर सुधार कार्य होगा। प्रेरणा एप पर शिक्षकों के विरोध के सवाल को वे टाल गए।

किसानों का प्रतिनिधिमंडल मिला

इनररिंग रोड और लैंडपार्सल भूमि अधिग्रहण घोटाले के संबंध में किसानों का प्रतिनिधि मंडल सर्किट हाउस में उनसे मिला। प्रतिनिधि मंडल में शामिल किसान नेता श्याम सिंह चाहर, रालोद नेता कप्तान सिंह चाहर, नरेंद्र धनगर, कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह, किसान नेत्री सावित्री देवी आदि मिले। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।